Home » Jamshedpur News : खनिज संशोधन अधिनियम के विरोध में झामुमो का बूथ स्तर पर जनजागरण अभियान

Jamshedpur News : खनिज संशोधन अधिनियम के विरोध में झामुमो का बूथ स्तर पर जनजागरण अभियान

7 सितंबर को 11 प्रखंड कार्यालयों व चार नगर प्राधिकरणों में धरना, हजारों कार्यकर्ताओं की जुटान की तैयारी

by Arvind Shrivastava
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur :  झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार देर शाम बिष्टुपुर स्थित सर्किट हाउस सभागार में जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 के विरोध में केंद्रीय कार्यसमिति के निर्देश पर चलाए जाने वाले जनजागरण अभियान और आगामी 7 सितंबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 31 अगस्त तक बूथ स्तर पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। वहीं 7 सितंबर को जिले के 11 प्रखंड कार्यालयों और चार अधिसूचित नगर प्राधिकरणों में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रखंड, पंचायत, नगर समिति और शाखा समितियों के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में तय किया गया कि धरना-प्रदर्शन में हजारों कार्यकर्ताओं, महिला नेत्रियों, झारखंड आंदोलनकारियों, विभिन्न स्तर के जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और समान विचारधारा वाले लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम में पारंपरिक तीर-धनुष समेत अन्य पारंपरिक हथियारों के साथ कार्यकर्ताओं की मौजूदगी को लेकर भी रणनीति बनाई गई। जिला में निवास करने वाले केंद्रीय पदाधिकारियों और जिला पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित केंद्रीय सचिव सह बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती और जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए जिला एवं प्रखंड समितियों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

बैठक में राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजू गिरी, पूर्व सांसद सुमन महतो, केंद्रीय सदस्य शेख बदरुद्दीन, प्रमोद लाल, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति, विद्यासागर दास, मो. जलील, जिला सचिव रतन महतो, जिला संगठन सचिव शेख नासिर खान, माणिक मल्लिक, जिला कोषाध्यक्ष कालीपदो गोराई, जिला कार्यालय सचिव प्रीतम हेंब्रम, सह कार्यालय सचिव सुशील हेंब्रम, अभय पांडेय समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Comment