
चाईबासा : भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व चक्रधरपुर पुलिस स्टेशन में बेहद भावुक और गरिमामय माहौल में मनाया गया। इस खास मौके पर एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन की महिला सदस्यों ने थाने पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को राखी बांधी और उनके दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की। संस्था की अध्यक्ष नीतू साहू की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान बहनों ने थाना प्रभारी अवधेश कुमार समेत वहां मौजूद सभी पुलिस अफसरों और जवानों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा। महिलाओं ने कहा कि हमारे रक्षाकर्मी अपनी परवाह किए बिना दिन-रात जनता की रक्षा में तैनात रहते हैं। त्योहार के अवसर पर उन्हें राखी बांधकर सम्मान देना हमारे लिए गर्व का विषय है। इस तरह की पहल से आम जनता और पुलिस के बीच आत्मीयता और भरोसा और अधिक गहरा होता है।
थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मियों ने दी रक्षाबंधन की बधाई
वहीं, थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मियों ने भी सभी महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की बधाई दी। अधिकारियों ने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और भाईचारा कायम रखने का भरोसा दिलाया और कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों से पुलिस और नागरिकों के बीच की दूरी समाप्त होती है।
आयोजन में उपस्थित युवतियां एवं महिलाएं
प्रेम और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस आयोजन में एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन की अध्यक्ष नीतू साहू के साथ दिप्पी कौर, कांचन छाबरा, ममता अग्रवाल, सबिता चुंग, सुषमा साव, मोनिका साव, किरन चौहान, पूनम देवी, मंजू मिश्रा, मीना भागेरिया तथा आशा कुमारी समेत अनेक महिलाएं और युवतियां उपस्थित थीं।

