Home » Jamshedpur news : मेघरंजनी – नृत्य बैठक़ी में कथक एवं ओडिसी की प्रस्तुतियों ने समां बांधा

Jamshedpur news : मेघरंजनी – नृत्य बैठक़ी में कथक एवं ओडिसी की प्रस्तुतियों ने समां बांधा

कदमा में हुआ "मेघरंजनी – नृत्य बैठक़ी" का सफल आयोजन 

by Arvind Shrivastava
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur news : शहर की सांस्कृतिक संस्था डेनफिट इंटरनेशनल एवं रंगमंच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को कदमा स्थित डेनफिट स्टूडियो में “मेघरंजनी – नृत्य बैठक़ी” का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। वर्षा ऋतु की मनोहारी अनुभूतियों पर आधारित इस शास्त्रीय नृत्य संध्या में कथक एवं ओडिसी की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित कला प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।                               कार्यक्रम का क्यूरेशन कल्याण भौमिक एवं मिष्टु मुखर्जी ने किया। उनके कुशल निर्देशन एवं सुव्यवस्थित आयोजन के कारण संपूर्ण कार्यक्रम गरिमामय एवं प्रभावशाली रहा। इस अवसर पर कोलकाता की अतिथि कलाकार अभीप्सा नंदी एवं अंकिता दास ने कथक की उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दीं, जबकि कृष्टि घोषाल ने ओडिसी नृत्य शैली में अपनी मनमोहक प्रस्तुति से दर्शकों की भरपूर सराहना अर्जित की।                                         अभीप्सा नंदी ने दी कथक की पारंपरिक तीनताल की प्रस्तुति
प्रस्तुतियों के क्रम में अभीप्सा नंदी ने कथक की पारंपरिक तीनताल की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। अंकिता दास ने कस्तूरी तिलकम” वंदना पर अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं कृष्टि घोषाल ने ओडिसी नृत्य शैली में “मेघ पल्लवी” की अत्यंत मनोहारी प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अतिरिक्त कलात्रयी इंस्टीट्यूट, जमशेदपुर तथा डेनफिट इंटरनेशनल के प्रशिक्षुओं ने भी कथक एवं ओडिसी की विभिन्न मनोहारी प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कलाकारों की भाव-भंगिमा, लय, ताल एवं अभिव्यक्ति को दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।
कार्यक्रम में अभिनव कुमार एवं किशोर मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन भारतीय शास्त्रीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।                                    स्मृति-चिह्न एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर किया सम्मानित
कार्यक्रम में शहर के नृत्य गुरु, कलाकार, अभिभावक एवं कला प्रेमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी ने डेनफिट इंटरनेशनल द्वारा शास्त्रीय नृत्य के प्रचार-प्रसार एवं भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर संस्था की ओर से सभी अतिथि कलाकारों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों को स्मृति-चिह्न एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles