Jamshedpur : कोल्हान विश्वविद्यालय ने नई शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत स्नातक प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2025-29) के नियमित विद्यार्थियों के लिए परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया है। परीक्षा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, सैद्धांतिक परीक्षा 15 जुलाई 2026 से शुरू होकर 29 जुलाई 2026 तक चलेगी।
परीक्षाएं प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी। परीक्षार्थियों को क्रमशः सुबह 9:30 बजे और दोपहर 1:30 बजे रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि मेजर (एमजे-1) विषयों की परीक्षा 15 और 17 जुलाई को होगी। इसके बाद एसोसिएटेड कोर (एसी), माइनर विषय (एलडीसी-1), स्किल एन्हांसमेंट कोर्स, वैल्यू एडेड कोर्स, एबिलिटी एन्हांसमेंट कोर्स और भारतीय ज्ञान प्रणाली की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। ध्यान रहे कि एईसी, वीएसी और आईकेएस विषयों की परीक्षा की अवधि मात्र डेढ़ घंटे की होगी। विवि ने छात्रों को सलाह दी गई है कि उनका एडमिट कार्ड परीक्षा से 10 दिन पहले जारी कर दिया जाएगा। अगर उसमें किसी प्रकर की गड़बड़ी है तो त्रुटियों को परीक्षा पूर्व सुधार लें। परीक्षा के लिए विवि ने कुल 22 केंद्र बनाए हैं। किस केंद्र पर किस कॉलेज के विद्यार्थियों की परीक्षा ली जाएगी इसकी जानकारी भी विवि ने साझा कर दी है।
जनवरी में हो जानी चाहिए थी परीक्षा जुलाई में हो रही
अगर यह सेमेस्टर समय पर होता तो पहले सेमेस्टर की परीक्षा दिसंबर से जनवरी के बीच हो जानी चाहिए थी। लेकिन विवि करीब छह माह की देरी से जुलाई में परीक्षा लेने जा रहा है। ऐसे में छह महीने में होने वाली परीक्षा एक साल में होने रही है। अगर सत्र समय पर होता तो अभी तक दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा होती।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
- एबीएम कॉलेज, जमशेदपुर
- बहरागोड़ा कॉलेज, बहरागोड़ा
- जीसी जैन कॉमर्स कॉलेज, चाईबासा
- घाटशिला कॉलेज, घाटशिला
- ग्रेजुएट कॉलेज जमशेदपुर
- जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज
- जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज
- जेएलएन कॉलेज, चक्रधरपुर
- केएस कॉलेज, सरायकेला
- एलबीएसएम कॉलेज, जमशेदपुर
- महिला कॉलेज, चाईबासा
- सिंहभूम कॉलेज, चांडिल
- टाटा कॉलेज, चाईबासा
- बीडीएसएल महिला कॉलेज, घाटशिला
- जेकेएस कॉलेज, जमशेदपुर
- करीम सिटी कॉलेज, जमशेदपुर
- पटमदा डिग्री कॉलेज, जल्ला
- सेंट ऑगस्टीन कॉलेज, मनोहरपुर
- नोवामुंडी कॉलेज, नोवामुंडी
- डिग्री कॉलेज, मनोहरपुर
- महिला महाविद्यालय, सरायकेला
- मॉडल महाविद्यालय, सरायकेला
स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की आंतरिक परीक्षा 1 जुलाई से
कोल्हान विश्वविद्यालय ने स्नातक द्वितीय सेमेस्टर (सत्र 2024-28) के लिए आंतरिक, प्रायोगिक और मौखिक परीक्षा की तिथियां घोषित कर दी हैं। अधिसूचना के अनुसार, ये परीक्षाएं महाविद्यालय स्तर पर 01 जुलाई से 09 जुलाई 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि कॉलेजों को विद्यार्थियों के अंक 14 जुलाई तक अनिवार्य रूप से ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। छात्रों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों, क्योंकि अनुपस्थित रहने पर दोबारा अवसर नहीं मिलेगा। साथ ही, एडमिट कार्ड में विषय संबंधी किसी भी त्रुटि को समय रहते सुधारने की सलाह दी गई है ताकि अंकों के ऑनलाइन अपलोडिंग में कोई तकनीकी समस्या न आए।

