
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत सदर अस्पताल परिसर, चाईबासा में झारखंड सरकार के कल्याण विभाग अंतर्गत प्रेजा फाउंडेशन द्वारा संचालित नर्सिंग कौशल कॉलेज में छठे बैच, सत्र 2024-26 की 120 प्रशिक्षु छात्राओं का लैंप लाइटिंग एवं कैपिंग समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त मनीष कुमार ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार द्वारा उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार सहित अन्य की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत विधिवत रूप से लैंप लाइटिंग एवं कैपिंग समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान प्रशिक्षु छात्राओं ने नर्सिंग सेवा के प्रति समर्पण, सेवा भावना, अनुशासन एवं अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
नर्सिंग सेवा में तकनीकी दक्षता के साथ मानवीय संवेदना भी आवश्यक: उपायुक्त
उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रशिक्षु छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नर्सिंग का क्षेत्र मानव सेवा से सीधे जुड़ा हुआ है। नर्सिंग कर्मी स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं और मरीज के उपचार के साथ-साथ उनके मानसिक संबल एवं आत्मविश्वास को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि एक कुशल नर्स बनने के लिए केवल तकनीकी ज्ञान एवं प्रशिक्षण पर्याप्त नहीं है, बल्कि मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, धैर्य, अनुशासन, विनम्र व्यवहार एवं सेवा भावना भी आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षु छात्राओं से कहा कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं कौशल को पूरी निष्ठा के साथ आत्मसात करें तथा भविष्य में अपने कार्यक्षेत्र में पूरी ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए समाज एवं जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में योगदान दें। उपायुक्त ने कहा कि आज का यह समारोह प्रशिक्षु छात्राओं के लिए उनके व्यावसायिक जीवन की महत्वपूर्ण शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने सभी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने कार्य एवं आचरण के माध्यम से नर्सिंग पेशे की गरिमा को और ऊंचा करें।
सेवा, समर्पण एवं अनुशासन को बनाएं कार्यशैली का हिस्सा :उप विकास आयुक्त
उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए सेवा भावना सर्वोपरि होनी चाहिए। नर्सिंग एक ऐसा पेशा है, जिसमें मरीज के साथ निरंतर संपर्क एवं देखभाल की आवश्यकता होती है। ऐसे में धैर्य, संवेदनशीलता एवं अनुशासन नर्सिंग कर्मियों के प्रमुख गुण होने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षु छात्राएं प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान का निरंतर अभ्यास करें और अपने कौशल को विकसित करते रहें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। छात्राएं भविष्य में जहां भी कार्य करें, वहां पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ मरीजों एवं आमजनों की सेवा को प्राथमिकता दें।
समारोह के दौरान लैंप लाइटिंग एवं कैपिंग की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की गई। इस अवसर पर प्रशिक्षु छात्राओं में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिला। समारोह ने छात्राओं को नर्सिंग सेवा के मूल्यों, दायित्वों एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराने के साथ-साथ भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, सिविल सर्जन मीना कालंडिया, उपाधीक्षक शिवचरण हांसदा, प्रेजा फाउंडेशन के ऑपरेशन लीड रवि कुमार, उप निदेशक नैंसी राजेल, प्राचार्या सहित नर्सिंग कौशल कॉलेज के सभी कर्मी उपस्थित रहे। साथ ही समारोह में सातवें एवं आठवें बैच की प्रशिक्षु छात्राएं भी उपस्थित रहीं।

