
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में शुरू होने वाले पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग के लिए खिलाड़ियों की मेगा नीलामी स्थानीय सनसाइन होटल में संपन्न हुई। जिले की इस बहुप्रतीक्षित लीग में कुल छह फ्रेंचाइजी टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें चाईबासा चैलेंजर्स, चक्रधरपुर रॉयल्स, कोल्हान किंग, सारंडा वारियर्स, जगन्नाथपुर टाइगर्स और मनोहरपुर लायंस शामिल हैं।
फ्रेंचाइजी मालिकों ने कुल 145 खिलाड़ियों के लिए बोली लगाई
इस मेगा नीलामी में छह फ्रेंचाइजी मालिकों ने कुल 145 खिलाड़ियों के लिए बोली लगाई। आइकॉन खिलाड़ी के रूप में शामिल किए गए कोलकाता नाइट राइडर्स से खेलने वाले पश्चिमी सिंहभूम के ऑलराउंडर अनुकूल राय, मुंबई इंडियंस से खेलने वाले रांची के विकेटकीपर बल्लेबाज रोबिन मिंज, झारखंड का प्रतिनिधित्व करने वाले रांची के धाकड़ बल्लेबाज शिखर मोहन और हजारीबाग से खेलने वाले झारखंड के शानदार बल्लेबाज उत्कर्ष सिंह सबसे अधिक कीमत एक-एक लाख रुपये में बिके।

दीप प्रज्वलित उद्घाटन करते अतिथि
अनुकूल राय को जगन्नाथपुर टाइगर्स व रोबिन मिंज को कोल्हान किंग ने खरीदा
अनुकूल राय को जगन्नाथपुर टाइगर्स ने, रोबिन मिंज को कोल्हान किंग ने, उत्कर्ष सिंह को मनोहरपुर लायंस ने और शिखर मोहन को सारंडा वारियर्स ने खरीदा। अन्य दो आइकॉन खिलाड़ियों में विराट सिंह को चाईबासा चैलेंजर्स ने और सुशांत मिश्रा को चक्रधरपुर रॉयल्स ने उनके बेस प्राइस 50 हजार रुपये में खरीदा।गेस्ट खिलाड़ी के रूप में कुल 33 खिलाड़ियों की बोली लगी। इस वर्ग में एक फ्रेंचाइजी को केवल दो खिलाड़ियों को लेने की अनुमति थी। इस ग्रुप में राजनदीप सिंह और सुप्रियो चक्रवर्ती सबसे अधिक 50 हजार रुपये में बिके। दो या दो से अधिक फ्रेंचाइजी के बीच किसी खिलाड़ी को अधिकतम निर्धारित मूल्य पर लेने की होड़ होने पर फैसला लॉटरी के माध्यम से किया गया।

क्रिकेट खिलाड़ियों के साथ अतिथि
कैटेगरी-ए के सभी छह खिलाड़ियों की बोली लगी
कैटेगरी-ए के सभी छह खिलाड़ियों की बोली लगी, जिनका बेस प्राइस 20 हजार रुपये तय किया गया था। इस ग्रुप में अरविंद कुमार और कुमार करण सबसे अधिक 40 हजार रुपये में बिके। इन दोनों खिलाड़ियों के लिए भी निर्णय लॉटरी से किया गया।खिलाड़ियों की नीलामी कार्यक्रम की मॉनिटरिंग जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह स्वयं कर रहे थे। नीलामी की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से हो, इसके लिए व्यवस्था इवेंट मैनेजमेंट टीम स्टेक स्पोर्ट्स जी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक पीयूष आनंद और उनकी टीम द्वारा की गई थी। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों और टीम मालिकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। नीलामी से पहले महासचिव असीम कुमार सिंह ने सभी फ्रेंचाइजी को नीलामी की प्रक्रिया और खिलाड़ियों के बेस प्राइस व अधिकतम प्राइस की जानकारी दी। नीलामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी फ्रेंचाइजी की सहमति से मौसम को ध्यान में रखते हुए पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग की तिथि चार दिन बढ़ाने का निर्णय लिया गया। अब यह प्रतियोगिता 22 सितंबर के बजाय 24 सितंबर से शुरू होगी।

