
चाईबासा : सरायकेला खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड क्षेत्र के बाघरायसाई गांव स्थित आदिवासी कला-सांस्कृतिक भवन में रविवार को सत्य नारायण सोशियो इकोनॉमी एंड रिसर्च सेंटर की ओर से संताली भाषा एवं ओल चिकी लिपि के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित परीक्षा के सफल 20 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सिंहभूम की सांसद जोबा माझी तथा विशिष्ट अतिथि झामुमो नेता प्रो. कालीपद सोरेन समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि पंडित रघुनाथ मुर्मू द्वारा विकसित ओल चिकी लिपि के प्रचार-प्रसार के 100 वर्ष पूरे होना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है। अपनी भाषा और लिपि को संरक्षित रखने के लिए समाज के लोगों को ओल चिकी सीखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज लोग हिंदी, अंग्रेजी, बंगला और उड़िया सहित कई भाषाएं सीख रहे हैं, लेकिन इसके साथ अपनी संताली भाषा और ओल चिकी लिपि का ज्ञान भी होना चाहिए। संताली भाषा में शिक्षा और ओल चिकी के शिक्षकों की आवश्यकता से सरकार को अवगत कराया जा चुका है तथा आने वाले दिनों में शिक्षक नियुक्ति की संभावना है।

सम्मान पाने वाले विद्यार्थियों के साथ अतिथि
सांसद ने शिक्षकों से बच्चों को संताली भाषा एवं ओल चिकी के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में संताली भाषा को अधिक अवसर मिलने से विद्यार्थियों को लाभ होगा। भाषा और लिपि से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखने का प्रयास जारी रहेगा। विशिष्ट अतिथि प्रो. कालीपद सोरेन ने कहा कि भाषा, लिपि और सरना सहित समाज के विभिन्न मुद्दों को आगे बढ़ाने के लिए एकजुटता जरूरी है। झारखंड में 32 जनजातियां हैं और संताली समाज की संख्या काफी अधिक है। उन्होंने भाषा एवं लिपि के उत्थान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। ऑल इंडिया संताली राइटर्स एसोसिएशन के सह सचिव मनीक हांसदा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
राजनगर में 348 और घाटशिला में 195 ने दी थी परीक्षा
सत्य नारायण सोशियो इकोनॉमी एंड रिसर्च सेंटर की ओर से 30 अगस्त को राजनगर एवं घाटशिला केंद्रों पर संताली भाषा और संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से परीक्षा आयोजित की गई थी। राजनगर में 348 तथा घाटशिला में 195 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 विद्यार्थियों को कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय सदस्य बिशु हेम्ब्रम, बुद्धिजीवी मोर्चा जिलाध्यक्ष दुर्गा लाल मुर्मू, प्रखंड अध्यक्ष रामसिंह हेम्ब्रम, उपाध्यक्ष भक्तू मार्डी, केंद्र के संस्थापक सत्य नारायण मुर्मू, परीक्षा नियंत्रक राजकुमार मार्डी, सुनील मुर्मू, दीपक हांसदा, जयराम मुर्मू, सुधीर चंद्र सोरेन, मनीक हांसदा, बीजू बास्के, कल्याण हांसदा, सत्यरंजन सोरेन समेत अन्य उपस्थित थे।

