
चाईबासा : मझगांव प्रखंड अंतर्गत घोड़ाबांधा पंचायत के ग्राम घोड़ाबांधा स्थित पुण्डीबाई चौक से बाईपी तक जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) मद से बनने वाली पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास मझगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक निरल पूर्ति ने किया। शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने इस सड़क के निर्माण की मांग किया था।
प्राथमिकता के आधार पर दी गई स्वीकृति, अब निर्माण कार्य शुरू
ग्रामीणों की आवश्यकता को देखते हुए इस सड़क को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी गई और अब निर्माण कार्य शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में सड़क निर्माण पूरा होने के बाद दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार राज्य के अंतिम छोर पर बसे लोगों तक विकास की किरण पहुंचाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। इसी सोच के तहत मझगांव विधानसभा क्षेत्र की आवश्यक सड़कों का लगातार निर्माण कराया जा रहा है।
वर्ष 2026 को मुख्यमंत्री ने नियुक्ति वर्ष घोषित किया
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 को मुख्यमंत्री ने “नियुक्ति का वर्ष” घोषित किया है। जनवरी से शुरू हुई नियुक्ति प्रक्रिया लगातार जारी है और हाल ही में स्वास्थ्य विभाग तथा शिक्षा विभाग में भी नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं, जिससे स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का भी उल्लेख करते हुए सभी ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, मानकी-मुंडा तथा बीएलओ से अपील की कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। जो लोग रोजगार के लिए बाहर गए हैं, उनका नाम भी मतदाता सूची में अवश्य जोड़ा जाए, क्योंकि भविष्य में गांव लौटने पर नाम कट जाने से उन्हें कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
एसआईआर में शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज कराने का प्रयास करें
उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण अभियान के अंतिम चरण में सभी मिलकर शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज कराने का प्रयास करें। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से संबंधित मांगपत्र विधायक को सौंपे।विधायक ने आश्वासन दिया कि सभी जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम से पूर्व ग्रामीणों ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य, ढोल-नगाड़ों एवं फूलमालाओं के साथ विधायक निरल पूर्ति का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


