Home » Jamshedpur Protest: मानगो में NH-33 पर धूल का कहर, आक्रोशित लोगों ने मशीन को बांधकर रुकवाया निर्माण कार्य

Jamshedpur Protest: मानगो में NH-33 पर धूल का कहर, आक्रोशित लोगों ने मशीन को बांधकर रुकवाया निर्माण कार्य

बालीगुमा से पारडीह तक रोजाना सफर करने वाले लोग, दुकानदार, टेंपो चालक और ठेला-खोमचा चलाने वाले धूल की मार से खासे प्रभावित हैं। कई लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, वहीं धंधा-पानी भी चौपट हो गया है।

by Mujtaba Haider Rizvi
मानगो में एनएच पर बंद कराया काम,
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो स्थित एनएच-33 पर बन रहे एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कार्य अब स्थानीय लोगों के लिए भारी परेशानी का कारण बन गया है। निर्माण स्थल से उड़ रही धूल ने आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि बिना जल छिड़काव के सड़क पर चलना तक दूभर हो गया है और कुछ ही दूरी तक देख पाना भी मुश्किल हो रहा है।

बालीगुमा से पारडीह तक रोजाना सफर करने वाले लोग, दुकानदार, टेंपो चालक और ठेला-खोमचा चलाने वाले धूल की मार से खासे प्रभावित हैं। कई लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, वहीं धंधा-पानी भी चौपट हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार निर्माण एजेंसी और एनएचएआई अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

आखिरकार नाराज लोगों ने भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह को बुलाया। मौके पर पहुंचे विकास सिंह ने अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद सैकड़ों लोगों ने उनके नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मोटे रस्से से निर्माण स्थल पर मौजूद मशीनों और अभियंताओं को बांध दिया और काम बंद करा दिया।

निर्माण कार्य बंद होने की सूचना मिलते ही एजेंसी और एनएचएआई के अधिकारी मौके पर पहुंचे। लोगों की शिकायत सुनने के बाद तत्काल टैंकर के जरिए पानी का छिड़काव शुरू कराया गया, तब जाकर मामला शांत हुआ। इस दौरान विकास सिंह ने कहा कि एनएच-33 के आसपास रहने वाले लोग धूल से त्रस्त हैं, लेकिन स्थानीय सांसद और विधायक इस समस्या से बेखबर हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि अगर एक बार अपनी गाड़ी का शीशा खोलकर पारडीह से बालीगुमा तक सफर कर लें, तो उन्हें लोगों की पीड़ा का अंदाजा हो जाएगा।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन जारी रहेगा। मौके पर शिव साहू, सुदामा भारती, भरत लाल, पप्पू सिंह, श्याम लाल, नगेंद्र सिंह, शिव कुमार, अरुण यादव, निर्मल तिवारी, विकास पांडेय, सरवन सिंह, शिवा कर्मकार, कमल मुखर्जी (दादू चाय वाले), अंसार खान, संतोष यादव, मुन्ना यादव, तिनका चौधरी, धीरज सिंह, मुन्ना सिंह, अमित सिंह, राजा सिंह, शंकर सिंह, महेश सिंह, राम स्वरूप, तेजस्वी यादव, प्रभु यादव, सुनील तिवारी सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Comment