
रांची : जीटी रोड (एनएच-19) हजारीबाग की दनुआ घाटी स्थित सड़क की खराब स्थिति को लेकर विभिन्न माध्यमों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने अपना स्पष्टीकरण जारी किया। प्राधिकरण ने कहा कि दनुआ घाटी का कैरिजवे पूरी तरह अच्छी स्थिति में है और यहां सड़क सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
एनएचआई के अनुसार, पिछले एक माह में इस खंड पर दो सड़क दुर्घटनाओं में मौत की सूचना दर्ज हुई है। हालांकि दुर्घटनाओं के विश्लेषण में यह सामने आया है कि अधिकांश हादसे सड़क की खराब स्थिति के कारण नहीं, बल्कि तेज रफ्तार, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, ढलान पर उचित गियर का इस्तेमाल नहीं करने, शराब पीकर वाहन चलाने तथा डाउन ग्रेडिएंट पर इंजन बंद होने से वाहन पर नियंत्रण खोने जैसी वजहों से हुए हैं।
प्राधिकरण ने बताया कि दनुआ घाटी में गति सीमा संकेतक, “धीरे चलें” बोर्ड, “दुर्घटना संभावित क्षेत्र” चेतावनी बोर्ड, रंबल स्ट्रिप्स समेत अन्य सड़क सुरक्षा संकेत पहले से लगाए गए हैं। इसके अलावा सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त इंजीनियरिंग सुधार कार्य चरणबद्ध तरीके से किए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि दनुआ घाटी में दीर्घकालिक समाधान के रूप में छह लेन फ्लाईओवर निर्माण की योजना पर कार्य प्रगति पर है। प्राधिकरण ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और विशेषकर फषक क्षेत्र में सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

