Patratu (Ramgarh, Jharkhand) : झारखंड के रामगढ़ जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पतरातू थाना क्षेत्र की हनुमानगढ़ी पंचायत में पीटीपीएस के सरकारी क्वार्टरों में रह रहे तीन परिवारों ने सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर ली और शुक्रवार की रात अचानक फरार हो गए। जैसे ही शनिवार सुबह लोगों को इस बात का पता चला, सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष उनके घर पर इकट्ठा हो गए। ठगी के शिकार हुए लोगों ने बताया कि ये तीनों परिवार आपस में संबंधी हैं, और उन्होंने मिलकर लोगों को धोखा दिया।
जमीन व दूध व्यवसाय से जुड़े थे आरोपी
भागने वालों में पूनम सिंह (पति अजय सिंह), कमलेश सिंह (पत्नी दिव्या सिंह) और मनजीत सिंह (पत्नी सपना सिंह) शामिल हैं। लोगों ने बताया कि मनजीत सिंह जमीन का कारोबार करता था, जबकि अजय सिंह और कमलेश सिंह दूध व्यवसाय से जुड़े थे। इन लोगों ने पीड़ितों से गाय और जमीन खरीदने के नाम पर लाखों-करोड़ों रुपए कर्ज ले रखे थे।
पुलिस ने शुरू की जांच, क्वार्टर सील
ठगी का शिकार हुए सभी लोग तुरंत पतरातू थाना पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले तीनों परिवारों के क्वार्टरों को सील कर दिया है। पुलिस इन तीनों परिवारों की तलाश में जुट गई है और उनके बारे में गहन जांच-पड़ताल कर रही है। माना जा रहा है कि इस मामले में और भी कई पीड़ित सामने आ सकते हैं, क्योंकि ठगी का यह सिलसिला कई वर्षों से चल रहा था।

