RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची की जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के सुप्रीम कमांडर और 10 लाख रुपये के इनामी अमृत होरो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि उसे रांची के लापुंग इलाके से देर रात एक विशेष अभियान के दौरान पकड़ा गया। अमृत होरो लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था और उसके खिलाफ रांची व खूंटी जिले में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार अमृत होरो पर निर्माण स्थलों और रेलवे परियोजनाओं में रंगदारी वसूलने, आगजनी और उग्रवादी घटनाओं को अंजाम देने के आरोप हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह लापुंग क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद रांची पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
बताया जाता है कि करीब डेढ़ साल पहले पुलिस और अमृत होरो के बीच मुठभेड़ हुई थी, लेकिन वह गोलियों की बौछार के बीच भागने में सफल हो गया था। तब से पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। फिलहाल पुलिस पूछताछ कर रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि पूछताछ के दौरान संगठन के अन्य सदस्यों और हथियारों को लेकर अहम खुलासे हो सकते हैं।

