
Jamshedpur : देश की सुरक्षा में दिन-रात तत्पर रहने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सामाजिक संस्था अस्तित्व की ओर से सोनारी स्थित आर्मी कैंप में रक्षाबंधन का पर्व भावपूर्ण वातावरण में मनाया गया। संस्था की संस्थापक सह-सचिव मीरा तिवारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सदस्यों ने सैनिक भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें मिठाई व फल खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
संस्था की जिलाध्यक्ष अनु चौबे ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि देश की रक्षा में अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले सैनिकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि जवान परिवार से दूर रहकर देशवासियों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उनके साहस, त्याग और समर्पण के कारण ही देशवासी सुरक्षित जीवन जी पाते हैं।
उन्होंने कहा कि सैनिक भाइयों की कलाई पर राखी बांधना संस्था के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। यह राखी उनके प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान सैनिकों और संस्था की सदस्यों के बीच आत्मीयता और भाईचारे का भाव देखने को मिला। पूरा वातावरण देशभक्ति और भावनाओं से ओत-प्रोत रहा। इस अवसर पर अनीता तिवारी, ममता चौबे, प्रिया सिंह, मऊ आचार्य, समृद्धि सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।

