रामगढ़ : झारखंड के औद्योगिक क्षेत्र से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित रुंगटा ग्रुप के झारखंड इस्पात प्लांट में सोमवार को अचानक फर्नेस ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में प्लांट में कार्यरत करीब 9 मजदूर घायल हो गए, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
काम के दौरान हुआ विस्फोट
पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ, जब प्लांट में नियमित कार्य चल रहा था। इसी बीच अचानक फर्नेस तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। विस्फोट इतना जोरदार था कि पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
घायलों को रांची रेफर
घटना में घायल सभी मजदूरों को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार, करीब 5 मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि अन्य का इलाज जारी है।
जांच में जुटा प्रशासन
थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय ने बताया कि फर्नेस ब्लास्ट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, काम के दौरान तकनीकी खराबी या लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ होगा। प्रशासन और प्लांट प्रबंधन दोनों स्तर पर जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दुर्घटना के पीछे असली वजह क्या थी।

