RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित करमटोली चौक में मंगलवार को सुबह में लीवी बार एंड रेस्टोरेंट पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
रेस्टोरेंट के मालिक के अनुसार, सुबह लगभग चार बजे उन्हें आग लगने की सूचना मिली। इसके तुरंत बाद लालपुर थाना की पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और रेस्टोरेंट के अंदर हालात बेहद गंभीर थे। दमकल कर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेस्टोरेंट का मुख्य गेट तोड़ दिया और अंदर घुस कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर आंशिक रूप से काबू पाया गया। आग की लपटें पास के ट्रांसफार्मर तक पहुंचने लगी थीं, लेकिन पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

