
नगड़ी(रांची): नगड़ी थाना क्षेत्र के नारो बाजार में रविवार सुबह दिनदहाड़े 12 लाख के सोना-चांदी पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी की इस घटना ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर दिया है।
अपराधी राधे-कृष्णा ज्वेलर्स के संचालक की बाइक की डिक्की तोड़कर सोना-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। राधे-कृष्णा ज्वेलर्स के संचालक अजीत कुमार सोनी, पिता कृष्णा सोनी, निवासी नगड़ी, रविवार सुबह करीब 10 बजे अपनी दुकान खोलने नारो बाजार पहुंचे थे।
उन्होंने दुकान के सामने अपनी ग्लैमर बाइक खड़ी कर दुकान का चैनल और शटर खोलना शुरू किया। इसी दौरान पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उनकी बाइक की डिक्की तोड़कर उसमें रखा सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग निकाल लिया और पिस्का स्टेशन की ओर फरार हो गए।
अजीत कुमार सोनी ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे मौके से भाग निकले। बैग में करीब 20 ग्राम सोने एवं 5 किलोग्राम चांदी के आभूषण रखे थे, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना के संबंध में पीड़ित ने नगड़ी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस से आवश्यक कानूनी कार्रवाई एवं सामान की बरामदगी की मांग की है।
सुरक्षा को लेकर व्यवसायियों में नाराजगी
एक सप्ताह पहले, 4 जुलाई को भी नारो बाजार स्थित अंकित ज्वेलर्स का शटर तोड़कर अज्ञात चोर लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए थे, जिसका खुलासा अब तक नहीं हो सका है। लगातार दूसरी बड़ी वारदात से व्यापारियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी है।
घटना की कड़ी निंदा करते हुए सोनी दुकानदार संघ एवं चेकपोस्ट व्यवसायी संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार महतो ने कहा कि लगातार हो रही घटनाएं पुलिस के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी हैं। उन्होंने प्रशासन से अविलंब अपराधियों की गिरफ्तारी, चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा तथा नगड़ी और नारो बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है। व्यापारी वर्ग ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
Read Also: Jamshedpur Crime: मानगो के चेपा पुल स्थित पकवान रेस्टोरेंट में हुआ बवाल, तोड़-फोड़ के साथ मारपीट

