रांची: श्री श्याम मण्डल रांची द्वारा अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में चांदन द्वादशी के पावन अवसर पर खाटू नरेश श्याम बाबा को खीर चूरमा का भोग अर्पित किया गया। यह आयोजन संध्या से रात्रि तक श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में सम्पन्न हुआ। भोग के मुख्य यजमान रमेश बंका थे, जिन्होंने अपने पूरे परिवार सुरेश बंका, नरेश बंका, अनामिका बंका, आशा बंका, पदमा बंका, नीरज बंका और अभिषेक बंका के साथ श्याम प्रभु को भोग अर्पित किया। मंडल अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश बागला, मंत्री धीरज बंका के अलावा गोयल परिवार ने गणेश पूजन, बजरंग बली और शिव परिवार की पूजा कर खीर चूरमा का भोग अर्पित किया। इस दौरान मंदिर परिसर हारे के सहारे की जय और लखदातार की जय के जयघोष से गूंज उठा। भक्तगण कतारबद्ध होकर भोग प्राप्त कर रहे थे। श्याम मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा शुद्ध जल और चरण पादुका रखने की उत्तम व्यवस्था की गई थी। 350 से अधिक भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम की सफलता में महेश सारस्वत, प्रियांश पोद्दार, विकास पाड़िया, मनोज ढांढनीया और नितेश लखोटिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
346

