RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची में नशे और सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी के खिलाफ जिला प्रशासन एवं पुलिस की ओर से लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत के नेतृत्व में शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कचहरी चौक, बड़ा तालाब, हरमू चौक, गाड़ीखाना चौक समेत कई संवेदनशील स्थानों पर निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान सार्वजनिक स्थलों और सड़क किनारे बेवजह जुटे लोगों से पूछताछ की गई। कई जगह युवकों का जमावड़ा मिलने पर टीम ने उन्हें चेतावनी देते हुए सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी नहीं करने, नशे से दूर रहने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की हिदायत दी।
इधर, रांची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर लगातार दूसरे दिन भी ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाया गया। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के नेतृत्व में सुजाता चौक के पास वाहन चालकों की जांच की गई। अभियान के दौरान आधा दर्जन से अधिक लोग शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए, जिनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुखदेवनगर थाना क्षेत्र की महुआ टोली में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 10 क्विंटल महुआ जावा नष्ट किया। पुलिस ने कहा कि अवैध नशे के कारोबार और सार्वजनिक स्थलों पर होने वाली असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।

