रांची । राजधानी रांची से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हाराटांड़ में एक बेटे ने पैसों के विवाद में अपने ही पिता की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी कमल साहू (32) का अपने पिता गोविंद साहू के साथ पिछले कई दिनों से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार को यह विवाद अचानक बढ़ गया और दोनों के बीच तीखी बहस होने लगी।
बताया जा रहा है कि बहस के दौरान कमल साहू ने गुस्से में आकर घर में रखे कुदाल से अपने पिता पर कई वार कर दिए। इस हमले में गोविंद साहू गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जुए की लत बनी विवाद की वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार, कमल साहू को जुआ खेलने की आदत थी। वह अक्सर पैसे हार जाता था और फिर अपने पिता से पैसे मांगता था। हाल ही में उसकी बहन के पास कुछ पैसे आए थे, जो पिता के पास रखे गए थे। इन्हीं पैसों को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा था।
बुधवार को भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जो इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने ही पिता की जान ले ली।
भागने की कोशिश में पकड़ा गया
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। हटिया के डीएसपी प्रमोद मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।
पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग हैरान हैं कि एक बेटे ने पैसों के लिए इतना बड़ा कदम उठा लिया।

