Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो स्थित शंकोसाई रोड नंबर-1 में एमजीएम अस्पताल के लिए बिछाई जा रही पानी की पाइपलाइन को लेकर स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। पाइपलाइन निर्माण के दौरान दर्जनों घरों के घरेलू जल कनेक्शन क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे पिछले चार दिनों से लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि संवेदक और संबंधित अधिकारी क्षतिग्रस्त पाइपों की मरम्मत किए बिना ही काम को लगातार आगे बढ़ाते जा रहे थे। समस्या बढ़ने पर लोगों ने भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही विकास सिंह रात करीब 11:15 बजे मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
मौके पर पहुंचकर उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वालों को फटकार लगाई और तत्काल पाइपलाइन बिछाने का काम रुकवा दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पहले क्षतिग्रस्त घरेलू पाइपों की मरम्मत कराई जाए, उसके बाद ही आगे का काम शुरू किया जाए।
स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन और पुलिस की टीम देर रात मौके पर पहुंची, जिसके बाद लोगों को समझाकर मामला शांत कराया गया।
विकास सिंह ने कहा कि “जल ही जीवन है, और किसी को पानी के लिए परेशान कर विकास कार्य करना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पहले मरम्मत सुनिश्चित नहीं की गई और ट्रायल पिट बनाकर ही पाइपलाइन नहीं बिछाई गई, तो संवेदक और अधिकारियों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

