Jamshedpur : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना में एक चाय दुकानदार की बेटी पर दबंग ग्राहक न खौलती चाय फेंक दी थी। इससे बुरी तरह झुलस गई बच्ची का टीएमएच में इलाज चल रहा है। इस हमले में जली 26 वर्षीय मेहंदी कुमारी गंभीर रूप से झुलस गई हैं और फिलहाल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) के बर्न यूनिट में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही हैं।
परिवार का आरोप है कि आरोपी लगातार फोन कर मामले को रफा-दफा करने का दबाव बना रहे हैं और मुकदमा वापस लेने की धमकी दे रहे हैं। यहां तक कि कुछ लोग अस्पताल पहुंचकर भी डराने की कोशिश कर चुके हैं। मेहंदी के भाई अंकित ने बताया कि आरोपी एक राजनीतिक दल का झंडा लगी कार से आए थे। इससे परिवार को शक है कि वे प्रभावशाली लोग हैं और इसी कारण वे लगातार दबाव बना रहे हैं।

समझौते का दबाव बना रहे एक राजनीतिक दल के लोग
मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि “जिस देश में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा दिया जाता है, वहीं एक चाय बेचने वाली बेटी आज मौत से लड़ रही है।” विकास सिंह ने बताया कि उन्होंने इस मामले की जानकारी जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक को दी है। पुलिस की ओर से बताया गया है कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्य आरोपी की पहचान और फोटो उपलब्ध होने के बावजूद कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है। साथ ही उन्होंने झारखंड के लोगों से अपील की कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आगे आएं। फिलहाल पीड़ित परिवार आर्थिक संकट और भय के साये में जी रहा है। एक ओर बेटी की जिंदगी बचाने की जद्दोजहद है, तो दूसरी ओर आरोपियों की धमकियों ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है।
कैसे हुई थी घटना
घटना 6 अप्रैल की शाम की है। बताया जा रहा है कि 6 से 7 युवक भाजपा का झंडा लगी कार से जमशेदपुर हाई स्कूल और टाटा फुटबॉल अकादमी (टीएफए) के सामने स्थित बजरंग चाय दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने उधार में चाय मांगी और चाय देने में थोड़ी देरी होने पर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने पूरे परिवार के साथ बेरहमी से मारपीट की और दुकान में तोड़फोड़ कर दी।
परिजनों ने बताया कि हमलावरों का गुस्सा यहीं नहीं रुका। उन्होंने खौलती हुई चाय मेहंदी कुमारी के ऊपर उड़ेल दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं। इस घटना के बाद से उनका इलाज टीएमएच में चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़िता की मां चिंता देवी ने बताया कि उनका परिवार मेहनत से चाय की दुकान चलाकर जीवन यापन करता है, लेकिन इस घटना ने उन्हें तोड़ कर रख दिया है।
Read Also: Ghatshila News : ट्रेनों की लेटलतीफी से व्यवसाय हो रहा प्रभावित, पर्यटकों की संख्या में भारी गिरावट

