
रांची: यदि आप यूजीसी-नेट दिसंबर 2026 की परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं और किसी वजह से अब तक अपना ऑनलाइन फॉर्म नहीं भर पाए थे, तो आपके लिए यह बहुत जरूरी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने अभ्यर्थियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए आवेदन की आखिरी तारीख को आगे बढ़ा दिया है। अब छात्र 31 अक्टूबर 2026 तक अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं।
कब तक कर सकेंगे आवेदन और भुगतान
पहले फॉर्म भरने की अंतिम तारीख 28 अक्टूबर तय की गई थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 31 अक्टूबर कर दिया गया है। उम्मीदवार रात 11:50 बजे तक अपनी आवेदन प्रक्रिया को पूरी कर सकते हैं। परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि भी 31 अक्टूबर ही निर्धारित की गई है। इस तीन दिनों के अतिरिक्त समय से उन युवाओं को बड़ी राहत मिली है जो तकनीकी कारणों या अन्य व्यस्तता के चलते समय पर आवेदन नहीं कर पाए थे।
क्यों जरूरी है यह परीक्षा
आपको बता दें कि देश भर के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में जूनियर रिसर्च फेलोशिप पाने, असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की योग्यता हासिल करने और पीएचडी में एडमिशन के लिए यह परीक्षा बेहद अहम मानी जाती है।
एनटीए ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आखिरी तारीख का बिल्कुल इंतजार न करें, क्योंकि अंतिम समय में वेबसाइट पर लोड या अन्य तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं। इसलिए समय रहते अपना फॉर्म भरकर प्रक्रिया पूरी कर लें। परीक्षा से जुड़े बाकी सभी नियम और शर्तें पहले की तरह ही लागू रहेंगी।

