
रांची: अगर आपके बच्चों में जल्दी थकान, सांस फूलने या होंठ नीले पड़ने जैसी कोई परेशानी है, तो यह खबर आपके लिए बेहद काम की है। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों की सेहत को लेकर एक बेहद सराहनीय पहल की है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत राज्य में दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बच्चों के दिल की बीमारियों की मुफ्त जांच की जाएगी।
कब और कहां लगेगा शिविर
इस विशेष अभियान के तहत 29 अक्टूबर को लातेहार के टाउन हॉल, रेलवे स्टेशन रोड, पुलिस लाइन के पास और 30 अक्टूबर को रांची के रिम्स में जांच शिविर लगाया जाएगा। इस कैंप की सबसे खास बात यह है कि इसमें केरल के मशहूर अमृता अस्पताल, कोच्चि से आ रहे देश के जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ अपनी सेवाएं देंगे। बच्चों की जांच और डॉक्टरों से मिलने वाली सलाह पूरी तरह निशुल्क होगी।
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
विशेषज्ञों के अनुसार, जन्म से दिल में छेद, अनियमित धड़कन, बार-बार निमोनिया होना, बच्चे का वजन न बढ़ना या शारीरिक विकास रुक जाना दिल की बीमारी के लक्षण हो सकते हैं। अगर आपके बच्चे में ऐसे संकेत दिखें, तो बिना देर किए इस शिविर में पहुंचना चाहिए। जरूरत पड़ने पर बच्चों का इकोकार्डियोग्राफी टेस्ट भी किया जाएगा।
ऐसे कराएं अपना रजिस्ट्रेशन
शिविर में विशेष इलाज की जरूरत वाले बच्चों को आगे के बेहतर उपचार के लिए अमृता अस्पताल, कोच्चि भेजने की भी व्यवस्था राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा की गई है। अभिभावक इस योजना का लाभ उठाने के लिए और अपना रजिस्ट्रेशन कराने के लिए मोबाइल नंबर 6287972253 पर संपर्क कर सकते हैं। समय पर पहचान होने से बच्चों का इलाज आसान हो जाता है, इसलिए समय का लाभ उठाएं।

