रांची : झारखंड की राजधानी रांची में सिरमटोली–बहूबाजार कनेक्टिंग फ्लाईओवर निर्माण के लिए विशेष कार्य आज से होगा। पथ निर्माण विभाग के अंतर्गत कार्य करने वाली एजेंसी ने इस पर काम शुरू कराने की अनुमति ले ली है। कनेक्टिंग फ्लाईओवर के निर्माण की वजह से राजधानी रांची में हटिया पाइपलाइन से जुड़े कई इलाकों में 30 मार्च और 31 मार्च को पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। यानी बड़े इलाकों में दो दिन तक पानी नहीं मिलेगा। निर्माण कार्य के दौरान पुरानी पाइपलाइन को हटाकर नई पाइपलाइन बिछाने और उसे मुख्य लाइन से जोड़ने का काम किया जाना है, जिसके कारण जलापूर्ति अस्थायी रूप से बंद की गई है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर फ्लाईओवर परियोजना का काम तेजी से कराया जा रहा है। इसी क्रम में पथ निर्माण विभाग की ओर से तकनीकी प्रक्रिया के तहत पाइप शिफ्टिंग और कनेक्शन का कार्य शुरू किया गया है। इसके लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से अनुमति ली गई है। विभागीय जानकारी के अनुसार बहूबाजार, सिरमटोली, पटेल चौक, मेकन चौक, योगदा सत्संग मठ, कांटाटोली और कोकर समेत आसपास के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। बता दे कि, सिरमटोली चौक से मेकन चौक तथा योगदा सत्संग मठ से बहूबाजार–कांटाटोली–कोकर तक लगभग 1.25 किलोमीटर लंबे कनेक्टिंग फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है।

