RANCHI: रिम्स में मंगलवार को गवर्निंग बॉडी की 64वीं बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने की। इस बैठक में रिम्स के विकास की दिशा में दूरगामी फैसलों पर चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार बैठक में नए ओपीडी और आईपीडी भवन के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव पर चर्चा हुई। बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने के साथ-साथ इलाज की प्रक्रिया भी बेहतर होगी। वर्तमान में रिम्स पर मरीजों का अत्यधिक दबाव है, जिसे देखते हुए बेड बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि नए भवन बने हैं उसे भी जल्द चालू किया जाएगा। साथ ही कहा कि मरीज के हित से जुड़े कई एजेंडों पर चर्चा हुई है। लेकिन नगर निकाय चुनाव के कारण आचार संहिता लगी हुई है ऐसे में जो भी निर्णय लिए गए हैं उसे चुनाव खत्म होने के बाद धरातल पर उतारा जाएगा। रिम्स में कई विभागों का विस्तार होगा और मरीजों को इलाज के लिए राज्य के बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बैठक में रिम्स की आधारभूत संरचना, संसाधनों और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने को लेकर भी चर्चा की गई।

