Home » सलमान खान को धमकी मामला: गुजरात के बड़ौदा से एक संदिग्ध हिरासत में, मानसिक रूप से बीमार होने का दावा

सलमान खान को धमकी मामला: गुजरात के बड़ौदा से एक संदिग्ध हिरासत में, मानसिक रूप से बीमार होने का दावा

by Neha Verma
salman khan 1
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को एक बार फिर जान से मारने और उनकी कार को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस धमकी से मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। धमकी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

यह धमकी मुंबई के वर्ली स्थित परिवहन विभाग के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर भेजे गए एक मैसेज के माध्यम से दी गई थी। धमकी भरे इस मैसेज में लिखा गया, ‘सलमान खान को मारेंगे, जरूर मारेंगे। घर में घुसकर जान से मार देंगे।’ इसके बाद दूसरा मैसेज आया, जिसमें कहा गया, ‘सलमान खान की कार को बम से उड़ा देंगे।’

जैसे ही ये धमकी मिली, मुंबई ट्रैफिक विभाग ने तुरंत मुंबई पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए IPC की संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज किया और जांच में जुट गई।

बड़ौदा से संदिग्ध हिरासत में

जांच के दौरान पुलिस को मिले सुरागों के आधार पर एक टीम को गुजरात के बड़ौदा भेजा गया, जहां से 26 वर्षीय एक युवक को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसी युवक ने धमकी भरा मैसेज भेजा था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिया गया युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। उसके परिवार वालों ने दावा किया है कि वह 2014 से मानसिक बीमारी का इलाज करवा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।

पहले भी हो चुकी है फायरिंग की घटना

गौरतलब है कि सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट पर करीब एक साल पहले फायरिंग की घटना हुई थी। उसके बाद से ही सलमान की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। नई धमकी मिलने के बाद उनके घर के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों को और भी अलर्ट कर दिया गया है।

मुंबई पुलिस की जांच जारी

मुंबई पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित कोणों से जांच कर रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि यह धमकी किसी संगठित गिरोह की साजिश है या मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति की व्यक्तिगत हरकत। आरोपी का मोबाइल, सोशल मीडिया और कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा रही है।

सलमान खान की सुरक्षा को लेकर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।

Related Articles