Jamshedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर मुसाफिर को निशाना बनाने वाले एक शातिर पॉकेटमार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को देखने के बाद की गई। इसमें आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर पॉकेटमारी का प्रयास करते नजर आया था।गिरफ्तार आरोपी ताबिश है। वह मानगो के आजाद बस्ती का रहने वाला है। उसका स्थायी पता बिहार के गया जिले में है।
गौरतलब है कि 2 मई को फेसबुक और अन्य प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में साफ दिख रहा था कि टाटानगर रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर के पास एक युवक यात्रियों की भीड़ में चोरी करने की कोशिश कर रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां फौरन हरकत में आ गईं।
आरपीएफ टाटा और जीआरपी टाटा ने संयुक्त अभियान चलाकर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार निगरानी और जांच के बाद रविवार शाम उसे स्टेशन परिसर से ही गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक चोरी का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों, खासकर टिकट काउंटर और प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहता था और मौका देखकर यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करता था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया गया है। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
आपरेशन सुरक्षा के तहत की गई कार्रवाई
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत की गई, जिसका उद्देश्य स्टेशन परिसर में अपराध पर रोक लगाना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इस अभियान का संचालन आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त और रेल एसपी जमशेदपुर के निर्देशन में किया गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान और कीमती वस्तुओं पर विशेष ध्यान दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ या रेलवे पुलिस को दें।

