दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र में एक छह साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) के गायनिक विभाग के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 50 वर्षीय आरोपी महाकांत पासवान को गिरफ्तार कर लिया है।
दूध देने गई मासूम, खून से लथपथ मिली
जानकारी के अनुसार, यह घटना बीती रात की है, जब बच्ची पास की एक दुकान पर दूध देने के लिए गई थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे जबरन एकांत स्थान पर ले जाकर घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। जब बच्ची देर रात तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाजार के पास उन्हें बच्ची खून से लथपथ हालत में कराहती हुई मिली।
गंभीर हालत में ICU में भर्ती
परिजनों ने तुरंत बच्ची को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे रात 1 बजे डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति चिंताजनक बताई और सुबह 4 बजे उसे गायनिक वार्ड के आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। ग्रामीण एसपी आलोक के अनुसार, इलाके में लगे सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनके आधार पर आरोपी महाकांत पासवान की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एसडीओ मनीष चंद्र चौधरी ने भी बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

