मनोरंजन जगत में हर दूसरे एक्टर-एक्ट्रेस के अफेयर्स के किस्से सुनने को मिलते हैं। कई लव अफेयर्स शादी तक पहुंच चुके हैं तो कुछ सेलेब्स का प्यार अधूरा रह गया है। कुछ ऐसे भी प्रेम प्रसंग रहे हैं, जो कुछ समय के लिए चर्चा में आये और फिर शोर में कहीं दब गए। इनमें से एक जोड़ी एक्ट्रेस कुनिका सदानंद और सिंगर कुमार सानू की है।

एक्ट्रेस कुनिका सदानंद ने फिल्म ‘हम साथ साथ हैं’ में अपने निगेटिव किरदार से नाम कमाया। फिल्मों में अपने किरदार के अलावा कुनिका टीवी सीरियल्स का भी हिस्सा रही हैं। हाल ही में, एक इंटरव्यू में कुनिका सदानंद ने अपनी पर्सनल लाइफ के संघर्षों और सिंगर कुमार सानू के साथ अपने रिलेशनशिप पर खुलकर बात की। उन्होंने खुलासा किया कि वे कुमार सानू के साथ 1993 में रिलेशनशिप में आईं थी जिसका उन्हें कोई पछतावा नहीं है।
ईटाइम्स के साथ बातचीत में कुनिका ने कहा, “मुझे इस बात को क़ुबूल करने में कोई शर्म नहीं कि मैं 1993 में कुमार सानू के साथ रिलेशनशिप में थी। उस वक्त वे अपनी पत्नी से अलग हो चुके थे एंड अपने परिवार से दूर रहते थे। जब तक हमारा रिश्ता चला, काफी अच्छा चला। अब हमें अलग हुए 25 साल हो गए और सानू जी ने दोबारा शादी कर ली है और अपने परिवार के साथ खुश हैं। हम एक-दूसरे की इज्जत करते हैं और मुझे इसका कोई पछतावा नहीं है। वो किस्सा ख़त्म हो चुका है और मैं सिंगल होते हुए भी बहुत खुश हूं।”
सिंगल हैं पर बन चुकी हैं दादी
कुमार सानू के साथ अपने रिश्ते पर बात करने के बाद, कुनिका ने अपनी दो असफल शादियों और बच्चे के कस्टडी की लड़ाई के बारे में बताया। उन्होंने कहा, “मुझे अब किसी साथी की जरूरत महसूस नहीं होती है। मेरे बड़े बेटे की शादी हो चुकी है और मैं अब दादी बन चुकी हूं। मेरा छोटा बेटा शोबिज ज्वाइन करना चाहता है। तो मुझे किसी बात का कोई अफ़सोस नहीं है।”
कम ही लोगों को पता है कि एक्टर रहीं कुनिका सदानंद अधिवक्ता भी हैं। उन्होंने हाल ही में अपना AOR (एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड) परीक्षा दी है, जो कि एक वकील को सुप्रीम कोर्ट में किसी पक्ष के लिए पैरवी करने और कार्य करने की अनुमति देती है। इसपर कुनिका ने कहा, “वकील बनने के बाद, अब मैं जिम्मेदारी भरा काम करना चाहती हूं, जो कि समाज में एक उदाहरण बन सके। हर रोज की जिंदगी में भी, जब मैं किसी जरूरतमंद की मदद करती हूं चाहे वो सिविल मैटर हो या क्रिमिनल, तो मुझे बहुत अच्छा लगता है।”
असरानी की पत्नी ने दिया कुनिका को करियर ब्रेक
कुनिका सदानंद ने बड़े पर्दे पर भले ही कामयाबी हासिल की हो, पर उनकी निजी जिंदगी काफी उतार-चढ़ाओ से भरी रही। शादी के बाद, पति के साथ उनका अलगाव ख़राब रहा। जिसके बाद उन्होंने अपने बेटे की कस्टडी भी खो दी। लेकिन कुनिका ने हार नहीं मानी और एक नई शुरुआत की। वे मुंबई आईं और यहां एक्टिंग में अपना करियर संवारा। इसी दौरान उनकी मुलाकात असरानी से हुई, जिन्होंने कुनिका की मदद की। असरानी की पत्नी मंजू असरानी ने कुनिका को अपने सीरियल ‘कश्मकश’ में पहला करियर ब्रेक दिया था। धीरे धीरे, कुनिका ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपने लिए नाम बनाया और आज कुनिका फिल्म इंडस्ट्री का वो चेहरा बन चुकी हैं, जिन्हें कोई भूल नहीं सकता है।

