चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी स्थित टाटा स्टील प्लांट से कॉन्वेयर संचालन में इस्तेमाल होने वाले करीब 100 मीटर तांबे के तार की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नोवामुंडी थाना पुलिस ने छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चोरी गया पूरा तार बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सिक्योरिटी इंचार्ज ने दर्ज कराई थी शिकायत
टाटा स्टील के सिक्योरिटी इंचार्ज द्वारा नोवामुंडी थाना में लिखित आवेदन दिया गया था कि 15 जून को प्लांट में लगे कॉन्वेयर के संचालन में प्रयोग किए जा रहे लगभग 100 मीटर तांबे के तार को अज्ञात अभियुक्तों द्वारा चोरी कर लिया गया है। इस संबंध में नोवामुंडी थाना में मामला दर्ज किया गया था।
छापेमारी में मिली सफलता
कांड के अनुसंधान और आसूचना संकलन के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी हुआ तांबे का तार टेम्पु मुंडा और उसके सहयोगी अपराधकर्मियों ने चोरी कर पुलिस के डर से छुपा दिया है। सूचना पर छापेमारी करते हुए पुलिस ने अलग-अलग आरोपियों के पास से तार बरामद किया।
किसके पास से कितना तार बरामद
टेम्पु मुंडा के पास से 45 मीटर लंबा, लगभग 1.5 इंच मोटा तार, प्रेम गोप के पास से 25 मीटर लंबा, लगभग 1.5 इंच मोटा तार, अनि मुंडा के पास से 18 मीटर लंबा, लगभग 01 इंच मोटा तार, शिवा सरदार के पास से 27 मीटर लंबा, लगभग 1.5 इंच मोटा तार, अंकित करुवा के पास से 04 मीटर मोटा तार बरामद हुआ।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
पुलिस ने बरामद सभी तारों को विधिवत जब्त कर लिया है। गिरफ्तारी का कारण बताते हुए टेम्पु मुंडा, प्रेम गोप, अनि मुंडा, शिवा सरदार और अंकित करुवा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने नोवामुड़ी के रहने वाले सभी पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
छापामारी टीम में शामिल पुलिस
नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह, पूर्णिमा कुमारी, अखिलेश सिंह, नोवामुंडी थाना,बिनोद कुमार सिंह, नोवामुंडी थाना और सशस्त्र बल शामिल थे।

