पलामू : झारखंड सरकार के सांस्कृतिक कार्य निदेशालय राज्य के वृद्ध, दिव्यांग और गंभीर रूप से बीमार कलाकारों के लिए कलाकार मासिक निवृत्तिका योजना चला रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर कलाकारों को सम्मानजनक जीवन जीने के लिए वित्तीय सहायता देना है। पात्र कलाकारों को 4000 रुपये प्रति माह की पेंशन सीधे उनके बैंक खाते में (DBT के माध्यम से) भेजी जाएगी। यह राशि अहस्तांतरणीय है, यानी कलाकार की मृत्यु के बाद उनके आश्रितों को नहीं मिलेगी।
किन्हें मिलेगा योजना का लाभ
कला के क्षेत्र में पहचान : कलाकार झारखंड की लोक, जनजातीय, शास्त्रीय या पारंपरिक कला में पारंगत हो और जिला स्तर पर उसकी पहचान (DDC द्वारा जारी प्रमाण पत्र मान्य) होनी चाहिए।
अनुभव : आकाशवाणी/दूरदर्शन या भारत सरकार से मान्यता प्राप्त कलाकारों के पास कम से कम 7 वर्ष (बीमार/दिव्यांग के लिए 5 वर्ष) का अनुभव या राज्य/राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में इतनी ही सक्रिय भागीदारी हो। पद्म पुरस्कार या राजकीय सम्मान से सम्मानित वरिष्ठ कलाकार भी इसके पात्र हैं।
उम्र सीमा : कलाकार की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। हालांकि, गंभीर रूप से अस्वस्थ और दिव्यांग कलाकारों के लिए उम्र सीमा में छूट दी गई है।
आय सीमा : कलाकार की सभी स्रोतों से कुल मासिक आय 8000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक कलाकार दो तरीकों से आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन माध्यम : विभागीय वेबसाइट के कल्चरल ट्रूप मैनेजमेंट सिस्टम (CTMS) पोर्टल पर पंजीकृत होकर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
ऑफलाइन माध्यम : कलाकार अपने आवेदन पत्र के साथ जरूरी दस्तावेज (आय, आयु, अनुभव और दिव्यांगता प्रमाण पत्र आदि) संलग्न कर सीधे सांस्कृतिक कार्य निदेशालय, रांची में जमा कर सकते हैं।
पलामू जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, अधिक जानकारी या किसी भी प्रकार की सहायता के लिए इच्छुक व्यक्ति पलामू स्थित जिला जनसंपर्क कार्यालय (सूचना भवन) या जिला खेल कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
Read Also:

