रांची : रांची से बरकाकाना होते हुए हजारीबाग आने-जाने वाले रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। इस रूट पर एक नई पैसेंजर ट्रेन चलाने की तैयारी चल रही है। यह ट्रेन हटिया से खुलकर रांची, नामकुम, टाटीसिल्वे, मेसरा, बारीडीह, हेहल, सिधवार और सांकी होते हुए बरकाकाना और हजारीबाग तक जाएगी। इस खबर के सामने आने के बाद से ही स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
काफी समय से इस इलाके के लोग इस रेल रूट पर लोकल पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग कर रहे थे। अब जब इस दिशा में काम आगे बढ़ता दिख रहा है, तो लोगों को उम्मीद जागी है कि उनका सालों पुराना इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस ट्रेन के शुरू होने से करीब 50 हजार से ज्यादा लोगों की जिंदगी आसान हो जाएगी। फिलहाल इस इलाके के लोगों को रांची या हजारीबाग आने-जाने के लिए बसों और प्राइवेट गाड़ियों का सहारा लेना पड़ता है। इसमें समय तो ज्यादा लगता ही है, साथ ही जेब पर भी भारी असर पड़ता है। ट्रेन चलने से लोगों को सस्ता, सुरक्षित और आरामदायक सफर का विकल्प मिल जाएगा।
कॉलेज के छात्रों को सबसे बड़ी राहत
इस ट्रेन सेवा का सबसे ज्यादा फायदा पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं को होगा। बरकाकाना, सिधवार, सांकी, हेहल और मेसरा जैसे ग्रामीण इलाकों से रोजाना सैकड़ों छात्र बड़ी परीक्षाओं की तैयारी और कॉलेज की पढ़ाई के लिए रांची जाते हैं। अभी उन्हें बस या ऑटो के चक्कर काटने पड़ते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई और पैसे दोनों का नुकसान होता है। ट्रेन शुरू होने से वे बेहद कम खर्च में और सही समय पर अपने कॉलेज या कोचिंग पहुंच सकेंगे।
कारोबार और रोजगार की रफ्तार होगी तेज
रामगढ़ निवासी एवं व्यवसायी अनिल कुमार कहते हैं कि यह ट्रेन सिर्फ यात्रियों को ही नहीं, बल्कि स्थानीय व्यापार को भी नई ताकत देगी। रोज कमाने-खाने वाले और छोटे दुकानदारों के लिए रांची आना-जाना बहुत सस्ता हो जाएगा। वे कम लागत में अपना सामान ला और ले जा सकेंगे। वहीं, नौकरी की तलाश में शहर जाने वाले युवाओं के लिए भी यह सफर आसान बनाएगी, जिससे इलाके में रोजगार के नए मौके खुलेंगे।
जबकि आशा देवी बताती हैं कि यह ट्रेन छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और छोटे व्यापारियों के लिए किसी वरदान जैसी होगी। इससे समय और पैसा दोनों बचेगा। हालांकि, रेलवे की तरफ से अभी तक ट्रेन शुरू होने की किसी पक्की तारीख का ऐलान नहीं किया गया है। लेकिन जिस तरह से इस रूट को लेकर सुगबुगाहट तेज हुई है, लोगों को पूरा भरोसा है कि जल्द ही उन्हें हटिया-बरकाकाना-हजारीबाग पैसेंजर ट्रेन की सौगात मिल जाएगी।

