चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी रिश्ते में पीड़िता का चचेरा भाई बताया जा रहा है।
बहला-फुसलाकर घर बुलाकर किया दुष्कर्म
जानकारी के अनुसार कराईकेला थाना क्षेत्र के एक गांव में 20 वर्षीय आरोपी डुबरू गगाराई ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो वह पूरे परिवार को जान से मार देगा।
परिजनों को दी जानकारी, पुलिस ने की कार्रवाई
धमकी से डरी पीड़िता ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर परिजनों को आपबीती बताई। परिजनों ने तुरंत कराईकेला थाना में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी प्यारे हसन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और छापेमारी कर आरोपी डुबरू गगाराई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मेडिकल जांच और कोर्ट में बयान
पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा है। साथ ही सीआरपीसी की धारा 164 के तहत पीड़िता का कोर्ट में बयान भी दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी प्यारे हसन ने बताया कि आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Read Also- Dhanbad Crime : धनबाद में कोल माफिया का आतंक, BCCLजीएम को दी जान से मारने की धमकी,गाड़ी पर हमला

