Devghar: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पदभार संभालने के बाद पहली बार देवघर का दौरा किया। रविवार को वे पटना से हवाई मार्ग से देवघर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
एयरपोर्ट से सीधे वे बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने बाबा बैद्यनाथ से राज्य और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में स्थित अन्य देवी-देवताओं के मंदिरों में भी उन्होंने मत्था टेका।बताया जाता है कि सम्राट चौधरी की बाबा बैद्यनाथ के प्रति गहरी आस्था है और वे पहले भी उपमुख्यमंत्री रहते यहां दर्शन कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका बिहार से बाहर पहला दौरा माना जा रहा है।मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें बाबा बैद्यनाथ का प्रतीक चिह्न भेंट किया गया। पूजा-अर्चना के बाद वे बासुकीनाथ धाम के लिए रवाना हो गए। वहां से लौटकर वे देवघर में एक निजी कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिसमें स्थानीय पुलिस के साथ बिहार से आए अधिकारी भी तैनात रहे।

