Home » Jharkhand Election : झारखंड के सिमडेगा में भाजपा पर जमकर बरसे राहुल गांधी, आदिवासी अधिकारों की सुरक्षा और आरक्षण बढ़ाने का किया वादा

Jharkhand Election : झारखंड के सिमडेगा में भाजपा पर जमकर बरसे राहुल गांधी, आदिवासी अधिकारों की सुरक्षा और आरक्षण बढ़ाने का किया वादा

कांग्रेस की सरकार बनने पर हर महिला को हर महीने 2500 रुपये, परिवारों को 15 लाख का स्वास्थ्य बीमा, और किसानों को धान पर 3200 रुपये प्रति क्विंटल का एमएसपी देने का वादा किया।

by Rohit Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को सिमडेगा में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने भाषण में भाजपा पर आदिवासियों के अधिकार छीनने का आरोप लगाया और कांग्रेस का संकल्प दोहराया कि जल, जंगल और जमीन पर पहला अधिकार आदिवासियों का होना चाहिए। राहुल ने कहा कि भाजपा आदिवासियों को ‘वनवासी’ बताकर उनके अधिकार सीमित करना चाहती है, लेकिन कांग्रेस ऐसा होने नहीं देगी।

राहुल गांधी ने संविधान की प्रति दिखाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा इसे कमजोर करना चाहती है। उन्होंने कहा, “इस किताब में भगवान बिरसा मुंडा, बाबा साहेब अंबेडकर, ज्योतिबा फुले और महात्मा गांधी की सोच है। यह संविधान दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, किसानों और मजदूरों की रक्षा करता है, जिसे भाजपा समाप्त करना चाहती है।”

कांग्रेस नेता ने देश की शीर्ष नौकरशाही में आदिवासी अफसरों की कमी को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि देश की आबादी में आदिवासियों का हिस्सा आठ प्रतिशत है, लेकिन बजट खर्च पर निर्णय लेने का अधिकार आदिवासी अफसरों को नाममात्र ही है। राहुल ने कहा, “देश का बजट सिर्फ 90 अफसरों द्वारा तय किया जाता है, जिनमें केवल एक आदिवासी, तीन दलित और तीन पिछड़े वर्ग के अधिकारी शामिल हैं। 90% आबादी को अपने ही पैसे के फैसले का अधिकार नहीं है। कांग्रेस चाहती है कि यह अधिकार दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को मिले।”

राहुल गांधी ने जातिगत जनगणना की मांग को फिर से दोहराया, जिससे पता चले कि किस संस्था में किस समुदाय की कितनी भागीदारी है। उन्होंने कहा, “जातीय जनगणना की मांग पर भाजपा कहती है कि राहुल गांधी देश को बांट रहे हैं, जबकि सच्चाई ये है कि वे समाज को बांटकर राज करना चाहते हैं।”

बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “इनका काम भाई से भाई को, धर्म को धर्म से, भाषा को भाषा से लड़ाना है। हम नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलना चाहते हैं। मणिपुर का उदाहरण देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की विचारधारा ने मणिपुर को जलाया, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब तक वहां नहीं गए।”

राहुल गांधी ने कांग्रेस के वादों को भी जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर 50% आरक्षण की सीमा को खत्म किया जाएगा, जिससे दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों के आरक्षण में वृद्धि होगी। साथ ही उन्होंने झारखंड में कांग्रेस की सरकार बनने पर हर महिला को हर महीने 2500 रुपये, परिवारों को 15 लाख का स्वास्थ्य बीमा, और किसानों को धान पर 3200 रुपये प्रति क्विंटल का एमएसपी देने का वादा किया। कांग्रेस ने यह भी घोषणा की कि सरकार बनने पर गैस सिलेंडर 450 रुपये में और हर व्यक्ति को सात किलो अनाज मुफ्त में दिया जाएगा।

Read Also : Jharkhand Assembly Election 2024 : जयराम महतो को बड़ा झटका, सोनू यादव ने थामा JMM का दामन

Related Articles