ग्रेटर नोएडा : नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस और साइबर क्राइम यूनिट ने FITJEE कोचिंग संस्थान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके 12 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। इन खातों में 11 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पाई गई है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है, और इसके साथ ही 186 अन्य चालू बैंक खातों की जानकारी भी मिली है। एडीसीपी अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि FITJEE के संस्थापक दिनेश गोयल के पैन कार्ड से जुड़े कई अन्य निजी बैंक खातों का भी पता चला है, जो विभिन्न राज्यों में हैं।
11 करोड़ रुपये की राशि बरामद
फ्रीज किए गए खातों से 11 करोड़ 11 लाख 12 हजार 987 रुपये की राशि बरामद की गई है। यह मामला तब सामने आया जब एक अभिभावक ने लगभग एक महीने पहले नॉलेज पार्क थाने में FITJEE कोचिंग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि कोचिंग संस्थान ने छात्रों से पूरी फीस ले ली, लेकिन बाद में सेंटर बंद कर दिया।
एफआईआर और बंद हुए सेंटर
अब तक 15-20 अभिभावकों ने FITJEE संस्थान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इन शिकायतों में कहा गया कि ग्रेटर नोएडा के अलावा दिल्ली के लक्ष्मी नगर, गाजियाबाद और नोएडा में भी सेंटर बंद कर दिए गए हैं। गाजियाबाद और नोएडा में भी FIR दर्ज की गई है।
FITJEE का दावा- साजिश का हुए शिकार
FITJEE ने हाल ही में एक बयान जारी करते हुए इस पूरे मामले को साजिश बताया है। संस्थान का कहना है कि उसने खुद किसी भी सेंटर को बंद नहीं किया, बल्कि यह स्थिति उस सेंटर के प्रबंधन साझेदार और उनकी टीम के अचानक छोड़ने के कारण उत्पन्न हुई। FITJEE का कहना है कि वह सभी स्थानों पर कामकाज को फिर से शुरू करने में जुटा है। इसके साथ ही उसने इस मामले में अपने प्रतिस्पर्धियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की योजना बनाई है। संस्थान का दावा है कि यह सब एक साजिश के तहत किया गया है, और जांच से जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी।
संस्थान ने अपनी कानूनी टीम से दर्ज किए गए मामलों पर काम करने की बात कही है। कंपनी का कहना है कि कुछ लोग जानबूझकर उसे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। FITJEE ने अपने छात्रों से भरोसा बनाए रखने की अपील की और मीडिया से सच्चाई सामने लाने का अनुरोध किया।
Read Also: AAP विधायक अमानतुल्लाह खान पर FIR दर्ज,पुलिस करेगी पूछताछ

