स्पोर्ट्स डेस्क : मुंबई इंडियंस ने महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2025 में गुजरात जायंट्स को पांच विकेट से हराकर इस सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही मुंबई की टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वडोदरा के कोतांबी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवरों में 10 विकेट के नुकसान पर 120 रन ही बना सकी। जवाब में मुंबई ने 16.1 ओवरों में 5 विकेट खोकर 122 रन बनाकर 23 गेंदों के शेष रहते मैच जीत लिया।
मुंबई का गुजरात पर दबदबा बरकरार
महिला प्रीमियर लीग के तीसरे संस्करण में मुंबई इंडियंस के लिए यह पहली जीत है। इससे पहले टीम को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ दो विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स पर अपनी पांचवीं जीत दर्ज कर ली। इससे पहले, यह टीम दिल्ली कैपिटल्स पर चार बार जीत चुकी थी। ये सभी मैच मुंबई ने लक्ष्य का पीछा करते हुए जीते हैं।
अंक तालिका में आरसीबी की टीम शीर्ष पर
मुंबई की इस जीत ने उसे अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया है। मुंबई का नेट रनरेट अब 0.783 है। वहीं, गुजरात जायंट्स अब तीन मैचों में एक जीत और दो हार के साथ तीसरे स्थान पर हैं, और उनका नेट रनरेट -0.525 हो गया है। सबसे ऊपर स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) है, जिन्होंने अब तक खेले अपने दोनों मैचों में जीत हासिल की है। दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर्स क्रमशः चौथे और पांचवे स्थान पर हैं।
महिला प्रीमियर लीग 2025 की अंक तालिका
| टीम | मैच | जीते | हारे | अंक | नेट रनरेट |
|---|---|---|---|---|---|
| रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 2 | 2 | 0 | 4 | 1.440 |
| मुंबई इंडियंस | 2 | 1 | 1 | 2 | 0.783 |
| गुजरात जायंट्स | 3 | 1 | 2 | 2 | -0.525 |
| दिल्ली कैपिटल्स | 2 | 1 | 1 | 2 | -0.882 |
| यूपी वॉरियर्स | 1 | 0 | 1 | 0 | -0.850 |
मुंबई ने की धीमी शुरुआत
मुंबई इंडियंस लक्ष्य का पीछा करते हुए धीमी शुरुआत की। हेली मैथ्यूज और यास्तिका भाटिया के बीच पहले विकेट के लिए 22 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन तनुजा कंवर ने इसे तोड़ा। उन्होंने मैथ्यूज को हरलीन देओल के हाथों कैच आउट कराया। मैथ्यूज ने 17 रन बनाए। इसके बाद प्रिया मिश्रा ने सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर यास्तिका भाटिया को 8 रन पर बोल्ड कर दिया। तीसरे झटके के रूप में कप्तान हरमनप्रीत कौर 4 रन बनाकर काशवी गौतम का शिकार बनीं।
नैट सिवर ब्रंट ने जड़ा पचासा
मुंबई के लिए नैट सिवर ब्रंट संकटमोचक साबित हुईं। उन्होंने 39 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 57 रन बनाए। उनका शानदार प्रदर्शन मुंबई की जीत की नींव बना। ब्रंट के आउट होने के बाद अमेलिया कर ने 19 रन बनाए, जबकि सजीवन सजना और जी कमालिनी क्रमशः 10 और 4 रन बनाकर नाबाद रही। गुजरात की गेंदबाजों में काशवी गौतम और प्रिया मिश्रा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि तनुजा कंवर को एक सफलता मिली।
नहीं चली गुजरात की बैटिंग
गुजरात जायंट्स की बल्लेबाजी मुंबई के गेंदबाजों के सामने बुरी तरह विफल रही और पूरी टीम 120 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। गुजरात के छह बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। गुजरात की ओर से सबसे अधिक रन हरलीन देओल ने बनाए, जिन्होंने 32 रन की पारी खेली। इसके अलावा काशवी गौतम ने 20, तनुजा कंवर ने 13, सायली सतघरे ने 13* और गार्डनर ने 10 रन बनाए। मुंबई के लिए हेली मैथ्यूज ने 3 विकेट लिए और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया। नैट सिवर ब्रंट और अमेलिया कर ने दो-दो विकेट लिए, जबकि शबनम इस्माइल और अमनजोत कौर को एक-एक विकेट मिला।
Read Also- DC W vs RCB W : दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हराकर RCB शीर्ष पर, मंधाना के WPL में 500 रन पूरे

