जमशेदपुर: जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त अनन्य मित्तल ने विशिष्ट अनुभाजन एवं आपूर्ति कार्यालय का औचक निरीक्षण किया और वहां चल रहे कार्यों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबे समय से निलंबित पीडीएस संचालकों के विरुद्ध लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।
फाइल प्रबंधन और कार्य निष्पादन पर जोर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने लॉग बुक, आगत-निर्गत पंजी, रोकड़ पंजी, संचिका एवं उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया और उनमें पाई गई कमियों को जल्द से जल्द सुधारने का निर्देश दिया। साथ ही, लंबित संचिकाओं के शीघ्र निपटारे और सभी आवंटित कार्यों के समय पर निष्पादन पर भी बल दिया।
अधिकारियों और कर्मियों को जवाबदेही बढ़ाने के निर्देश
अनन्य मित्तल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्य विभाजन और मौजूदा मानव संसाधन की उपलब्धता पर भी चर्चा की। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी कार्य लंबित न रहे और सभी योजनाओं की प्रगति नियमित रूप से अपडेट की जाए। इस अवसर पर एनईपी निदेशक संतोष गर्ग, एसओआर राहुल आनंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Read also – Jamshedpur Solar Energy : 375 में से 57 घरों में ही लगाया जा सका सोलर पैनल

