New Delhi : भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से बुरी तरह बौखलाया पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। वह लगातार भारतीय सीमा पर ड्रोन और मिसाइलों से हमले कर रहा है। जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ राजस्थान और पंजाब के कई सीमावर्ती शहर भी पाकिस्तानी हवाई हमलों का निशाना बन रहे हैं। इसके साथ ही सीमा पर लगातार गोलीबारी भी जारी है, जिससे हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
राजौरी में शोक की लहर, पाकिस्तानी हमले में गई एडिशनल DDC की जान
ताजा घटनाक्रम में, पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में एक और कायराना हरकत को अंजाम दिया है। पाकिस्तानी सेना ने राजौरी में तैनात एडिशनल डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कमिश्नर (Additional DDC) राज कुमार थापा के आवास को निशाना बनाते हुए हवाई हमला किया। इस दुर्भाग्यपूर्ण हमले में श्री थापा की जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
भारत द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद से सीमावर्ती इलाकों में पाकिस्तानी गोलीबारी में तेजी आई है। इसी क्रम में, राजौरी स्थित एडिशनल डीडीसी राज कुमार थापा के घर पर हवाई हमला किया गया। इस हमले में उनकी दुखद मौत हो गई। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से इस दुखद घटना की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जताया गहरा शोक
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए लिखा, “राजौरी से दुखद समाचार। हमने जम्मू-कश्मीर प्रशासन सेवा के एक समर्पित अधिकारी को खो दिया है। कल ही वे डिप्टी सीएम के साथ जिले में घूम रहे थे और मेरी अध्यक्षता में हुई ऑनलाइन बैठक में शामिल हुए थे। आज अधिकारी के आवास पर पाकिस्तानी गोलाबारी की गई। राजौरी शहर को निशाना बनाया गया। इसमें हमारे अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त राज कुमार थापा की मौत हो गई। इस भयानक जान-माल के नुकसान पर अपने सदमे और दुख को व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।”
धमाके के बाद कमरे में लौटे और हो गई मौत
घटनाक्रम के अनुसार, सुबह लगभग 5:30 बजे जब पाकिस्तान की ओर से हमला किया गया, तब डीडीसी थापा अपने घर पर ही मौजूद थे। बताया जा रहा है कि धमाके की तेज आवाज सुनकर वह बाहर निकले थे। कुछ देर बाद वह वापस अपने कमरे में चले गए। दुर्भाग्यवश, पाकिस्तानी हमले में उनका कमरा भी सीधा निशाना बन गया, जिससे उनकी तत्काल मौत हो गई। इस हमले में दो अन्य लोगों के भी मारे जाने की सूचना है, जिनमें एक बच्चा और एक महिला शामिल हैं। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है और सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के बीच डर का माहौल पैदा हो गया है।

