जमशेदपुर : शहर के मानगो थाना क्षेत्र में सोमवार को राजनीति गरमा गई, जब दो दिग्गज नेताओं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और वर्तमान विधायक सरयू राय के समर्थकों के बीच खुलकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाईं।
सुबह के समय, बन्ना गुप्ता के करीबी माने जाने वाले गोपाल यादव ने थाना पहुंचकर आरोप लगाया कि विधायक सरयू राय के समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की। गोपाल यादव का कहना है कि वह सोशल मीडिया पर लगातार पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के विकास कार्यों को उजागर करते हैं और सरयू राय की नाकामियों को सामने लाते हैं, इसी वजह से उन्हें पहले धमकियां मिली थीं और सोमवार सुबह उनके साथ मारपीट की गई।
वहीं दोपहर में जदयू कार्यकर्ताओं और विधायक सरयू राय के समर्थकों ने पलटवार करते हुए मानगो थाने में गोपाल यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने आरोप लगाया कि गोपाल यादव ने सोशल मीडिया पर सरयू राय के खिलाफ झूठी और भड़काऊ बयानबाज़ी की है। उनका यह भी दावा है कि गोपाल यादव ने जदयू कार्यकर्ता एवं विधायक प्रतिनिधि संतोष भगत और नीरज सिंह के साथ मारपीट की तथा उनके गले की चैन और ₹15,000 नकद भी छीन लिए। इस मामले में गोपाल यादव की गिरफ्तारी की मांग भी की गई है।
इस पूरे घटनाक्रम ने मानगो थाना क्षेत्र को सियासी अखाड़ा बना दिया है, जहां अब पुलिस के लिए निष्पक्ष जांच करना चुनौतीपूर्ण हो गया है।

