जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय ने कोऑपरेटिव लॉ कॉलेज में दाखिले के लिए एलएलबी प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। एलएलबी प्रवेश परीक्षा में कोल्हान के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया था, जिनका इंतजार अब समाप्त हो गया है। परिणाम के साथ सफल उम्मीदवारों की सूची भी जारी की गई है, जिसमें जनरल, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों के नाम शामिल हैं।
अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम आसानी से देख सकते हैं। मालूम हो कि यह एडमिशन करीब एक साल की देरी से शुरू होने जा रही है। क्योंकि यह प्रवेश परीक्षा सत्र 2025-28 के लिए ली गयी है। जिसमें दाखिला 2025 में ही हाे जाना चाहिए था। लेकिन विवि की लापरवाही की वजह से यह देरी हुई है। जिसका खामियाजा छात्राें काे उठानी पड़ेगी।
दाे दिन में जारी हाेगी मेधा सूची अगले सप्ताह से एडमिशन
परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को अब काउंसलिंग और दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया से गुजरना होगा। कॉलेज की एडमिशन कमेटी के अनुसार 120 सीटों के लिए चयन सूची तैयार कर ली गई है। गुरुवार को इस सूची को कमेटी की अंतिम स्वीकृति मिलेगी, जिसके बाद इसे कॉलेज के नोटिस बोर्ड और आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। इस सूची के आधार पर छात्रों का दाखिला सोमवार, 4 मई से शुरू किया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए अभ्यर्थियों को समय पर उपस्थित रहने और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की सलाह दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस वर्ष भी परीक्षा शुल्क में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है, जिससे छात्रों को राहत मिली है।
परिणाम के साथ ही हमने एडमिशन की तैयारी शुरू कर दी है। अगले दाे दिनाें में पहले मेधा सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा। इसके आधार पर 4 मई से दाखिला लिया जाएगा।
-डाॅ जितेंद्र कुमार, प्रिंसिपल काेऑपरेटिव लाॅ काॅलेज

