गोरखपुर : शहर में बर्ड फ्लू (Bird Flu) का खतरा एक बार फिर बढ़ने लगा है। नगर निगम क्षेत्र के पांच इलाकों से लिए गए मुर्गों के सैंपल में एवियन इन्फ्लुएन्जा वायरस (H5N1 और H9N2) की पुष्टि हुई है। इसके चलते मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने शहर के सभी लाइव बर्ड मार्केट (जीवित मुर्गा बेचने वाली दुकानें) को 21 दिन तक बंद रखने का आदेश जारी किया है।
किन इलाकों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई?
बर्ड फ्लू की जांच के लिए झुंगिया बाजार, एल्यूमिनियम फैक्ट्री, तारामंडल, भगत चौराहा, और शहीद अशफाक उल्लाह खां प्राणी उद्यान से मुर्गों के सैंपल लिए गए थे। इन सभी स्थानों पर H5N1 और H9N2 स्ट्रेन पॉजिटिव पाए गए हैं। सैंपल को राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NISHAD), भोपाल भेजा गया था, जहां से बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई।
क्या हैं प्रशासन की नई गाइडलाइंस?
21 दिन तक चिकन की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी। 1 किमी की परिधि में आने वाले सभी संक्रमित क्षेत्रों में पक्षियों को नष्ट और इलाके को विसंक्रमित किया जाएगा। जिला स्तरीय रैपिड रिस्पांस टीम सक्रिय कर दी गई है। पशु चिकित्सालय सदर में कंट्रोल रूम बनाया गया है।
कंट्रोल रूम से संपर्क कैसे करें?
यदि आप किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना देना चाहते हैं या सहायता की आवश्यकता है, तो डॉ. मनीष चंद्र (प्रभारी) से संपर्क करें।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले और बस्ती मंडल के पोल्ट्री फार्मों से लिए गए कुल 2798 सैंपल की जांच की गई, जिनमें कोई भी सैंपल पॉजिटिव नहीं पाया गया। यह रिपोर्ट IVRI, इज्जतनगर बरेली से प्राप्त हुई है।
जनता से अपील
प्रशासन ने जनता से अनुरोध किया है कि वे किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि प्रशासन का सहयोग करें और केवल अधिकृत स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें।
Read Also: UP news : खाई में पलटी तेज रफ्तार कार, बच्ची समेत पांच बारातियों की मौत, कई घायल

