बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। अनियंत्रित DCM वाहन ने सागरपाली-थम्हनपुरा-बैरिया मार्ग पर तीन अलग-अलग स्थानों पर सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंद दिया। इस दर्दनाक घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने DCM वाहन को पकड़कर चालक को पुलिस के हवाले कर दिया।
कैसे हुआ हादसा?
घटना की शुरुआत उस वक्त हुई जब सागरपाली से बैरिया की ओर जा रहा DCM वाहन अजोरपुर गांव के पास अनियंत्रित हो गया। उसने पहले सड़क किनारे चल रहे बिट्टू चावर (24), मनु गोंड (19) और सर्वदेव गुप्ता (65) को टक्कर मारी।
इसके बाद चालक ने वाहन को और तेज रफ्तार में भगाया और कोट अंजोरपुर में गुलशन (13), निशांत स्वरूप (25) और मनु कुमार (19) को रौंदते हुए निकल गया।
तीसरी टक्कर के बाद ग्रामीणों ने किया पीछा
जब DCM वाहन एनएच-31 पर पहुंचा, तो वहां करंजा बाबा तर में रहने वाले अखिलेश यादव (25), हृदय नारायण यादव (35) और रामदुलारी देवी (30) भी उसकी चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही नरही पुलिस मौके पर पहुंची और DCM वाहन को जब्त कर लिया।
इलाज के दौरान हुई दो की मौत
सभी घायलों को सीएचसी नरही और जिला अस्पताल भेजा गया। जहां मनु कुमार और 13 वर्षीय गुलशन की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने बैरिया-थम्हनपुरा मार्ग को कुछ देर के लिए जाम कर दिया। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को मुआवजे और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

