खूंटी/रांचीः खूंटी जिले में लगातार हो रही मूसलधार बारिश के चलते एक बड़ा हादसा टलते-टलते रह गया। अड़की थाना क्षेत्र के सोनपुर और डोरेया गांव के बीच करकरी नदी पर निर्माणाधीन पुल पर 6 मजदूर फंस गए हैं। घटना बुधवार शाम की है, जब अचानक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और मजदूरों की जान पर बन आई।
मिली जानकारी के अनुसार, फंसे मजदूरों में रोहित सहित कुल 6 लोग शामिल हैं, जो पुल निर्माण कार्य पूरा करने के बाद उसी पर रुक गए थे। बुधवार की शाम अचानक तेज बारिश हुई, जिससे करकरी नदी का पानी तेजी से उफान पर आ गया और मजदूर नीचे उतरने में असमर्थ हो गए। रोहित ने मोबाइल से संपर्क कर बताया कि वे सभी पुल पर सुरक्षित हैं, लेकिन चारों ओर से पानी घिर चुका है और हालात बिगड़ते जा रहे हैं। अन्य मजदूर जो नीचे थे, उन्होंने भी तुरंत प्रशासन को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और जल्द से जल्द मजदूरों को सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटी हैं। पुल के आसपास स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई है। वहीं प्रशासन का कहना है कि बचाव कार्य में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है और सभी संसाधन लगाए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, फंसे सभी मजदूर झारखंड के रामगढ़ और डालटेनगंज जिलों के निवासी हैं। फिलहाल सभी मजदूरों की स्थिति स्थिर है, लेकिन जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के कारण खतरा बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार, खूंटी और आसपास के क्षेत्रों में अगले 24 घंटे तक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में बचाव अभियान और भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
झारखंड में मानसून की एंट्री के साथ ही भारी बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। बीते दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश अब तबाही का रूप लेती दिख रही है। खूंटी जिले के तोरपा क्षेत्र में बनई नदी पर बना पुल बुधवार को अचानक टूट गया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।
हादसे के वक्त पुल पर था ट्रक, ड्राइवर की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना
घटना के वक्त पुल पर एक ट्रक गुजर रही थी। जैसे ही पुल टूटा, ट्रक के चालक ने तुरंत ब्रेक लगाकर वाहन को नियंत्रित किया और ट्रक पुल के टूटे हिस्से पर जाकर रुक गया। इस समझदारी से चालक की जान बच गई, नहीं तो ट्रक नदी में समा सकता था। इस हादसे के बाद तोरपा क्षेत्र का संपर्क खूंटी के अन्य हिस्सों से पूरी तरह कट गया है।
रांची समेत 6 जिलों में रेड अलर्ट, नदियां उफान पर
मौसम विभाग ने 19 जून को रांची, खूंटी, लोहरदगा सहित छह जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। कई जगहों पर निचले इलाकों में पानी भर गया है और सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं।
लोहरदगा में शंख नदी उफान पर है, वहीं रांची के बेड़ो में तेज बारिश की वजह से डायवर्जन बह गया है जिससे वहां का यातायात भी प्रभावित हुआ है।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी, नदी किनारे जाने से बचने की सलाह
राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने नदियों के जलस्तर में अचानक वृद्धि की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की गई है और सतर्क रहने को कहा गया है।
राज्य में दामोदर, बराकर, स्वर्णरेखा समेत कई नदियां खतरे के निशान को छूने लगी हैं, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है।

