नई दिल्ली : उत्तर-पूर्वी जिले के सीलमपुर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के 4 बजे एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोग घायल हो गए। एक टाटा-407 ने डिवाइडर पार कर एक सेलेरियो कार और पांच पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी। यह हादसा सनातन धर्म मंदिर से 66 फुटा रोड, सीलमपुर की ओर जाते समय हुआ।उत्तर-पूर्वी जिला डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायलों की पहचान नूरी (27), अफसारी (55), हसीन उर्फ सोनू (25), मेहक (18) और फूलबी (25) के रूप में हुई, जो सभी न्यू सीलमपुर के निवासी हैं। क्राइम और एफएसएल टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले में सीलमपुर थाने में बीएनएस की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।हादसे के लिए जिम्मेदार टाटा-407 के ड्राइवर न्यू सीलमपुर निवासी अनुज चौहान (27) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
हादसे में शामिल वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है, जिसमें ड्राइवर की लापरवाही की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।डीसीपी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। घटनास्थल से एकत्र साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

