
Bokaro/Bermo (Jharkhand) : झारखंड के बोकारो जिले की गोमिया प्रखंड की बेटी रेशमा कुमारी ने खेल जगत में एक बार फिर बड़ा मुकाम हासिल किया है। लान बाल खेल में शानदार प्रदर्शन करते हुए उनका चयन भारतीय टीम में हुआ है। अब वे पहली बार हांगकांग क्लासिक इंटरनेशनल प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
रेशमा ने इससे पहले देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड और देश को गौरवान्वित किया था। हाल ही में दिल्ली के डीपीएस आरके पुरम स्टेडियम में 28 से 30 अगस्त तक आयोजित बालिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के चयन ट्रायल में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया और भारतीय टीम में जगह बनाई।
उपायुक्त ने दिया हरसंभव सहयोग का आश्वासन
रेशमा की इस सफलता पर रविवार को बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने उन्हें अपने आवास पर सम्मानित किया। इस दौरान डीसी ने उनके घर की समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया। उन्होंने तत्काल उनके घर की पानी की समस्या के समाधान और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया।
संघर्षों के बीच सफलता की नई कहानी
रेशमा ने बताया कि उन्हें प्रारंभिक प्रशिक्षण भाटिया एथलेटिक्स अकादमी ट्रस्ट से मिला। अकादमी के मुख्य संरक्षक प्रशांत अरोड़ा पिछले डेढ़ साल से उनका सहयोग कर रहे हैं। वर्तमान में वह रांची आरके आनंद लान बाल स्टेडियम में डॉ. मधुकांत पाठक के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रही हैं। सम्मान समारोह में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस चंदनक्यारी के मुख्य प्रशिक्षक आशु भाटिया और बोकारो जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष विपिन सिंह भी उपस्थित रहे।
जिले के लिए गर्व का क्षण
रेशमा फिलहाल गोमिया डिग्री कॉलेज की छात्रा हैं। उनके पिता सुरेश नोनिया टेम्पो चालक हैं। सीमित संसाधनों के बीच उनकी यह उपलब्धि पूरे जिले और राज्य के लिए गर्व की बात है।

