Hazaribag (Jharkhand) : शहर के व्यस्ततम डेली मार्केट में बुधवार को देर रात करीब दो बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैल गई कि कुछ ही देर में करीब एक दर्जन दुकानें उसकी चपेट में आ गईं। दुकानों में रखे कपड़े, किराना, इलेक्ट्रॉनिक सामान और नकदी जलकर खाक हो गए। दुकानदारों के मुताबिक, हजारों की मेहनत से खड़ी की गई दुकानों का लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
दो घंटे बाद आग पर काबू
स्थानीय लोगों ने धुआं उठता देख तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक अधिकांश दुकानें पूरी तरह नष्ट हो चुकी थीं।
वर्ष 2000 से अब तक सातवीं बार अगलगी
आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। कुछ लोगों का कहना है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी होगी, जबकि अन्य इसे लापरवाही का नतीजा मान रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि वर्ष 2000 के बाद से अब तक यह सातवीं बार है, जब इस बाजार में आग की घटना घटी है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से न तो स्थायी समाधान हुआ, ना किसी प्रकार का मुआवजा मिला।
व्यापारियों में आक्रोश
इस हादसे के बाद व्यापारियों में जबरदस्त आक्रोश है। उनका आरोप है कि अगर बाजार में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम होते, तो इतना बड़ा नुकसान टाला जा सकता था। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन इस बार ठोस कदम नहीं उठाता, तो व्यापारी संगठन आंदोलन का रुख अपना सकते हैं।

