Home » RANCHI NEWS: कृषि मंत्री ने किया इस प्रखंड का औचक निरीक्षण, BDO-CO समेत कई कर्मचारी मिले गायब

RANCHI NEWS: कृषि मंत्री ने किया इस प्रखंड का औचक निरीक्षण, BDO-CO समेत कई कर्मचारी मिले गायब

by Vivek Sharma
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सोमवार को चान्हो प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में सन्नाटा पसरा देख उन्होंने नाराजगी जताई। कार्यालय पहुंचने पर न तो प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) मौजूद थे और न ही अंचल अधिकारी (CO)। वहीं अधिकांश कर्मचारी भी अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने कार्यालय के एक-एक कमरे का निरीक्षण किया और वहां उपस्थित कुछ ग्रामीणों से भी बातचीत की। ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि अधिकारी और कर्मचारी अक्सर समय पर कार्यालय नहीं आते, जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

बायोमीट्रिक से उपस्थिति की जांच

इस पर मंत्री ने तत्काल रांची के उपायुक्त (DC) को स्थिति की जानकारी दी और अनुपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को शोकॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उपस्थिति की जांच बायोमीट्रिक सिस्टम के आधार पर की जाएगी। साथ ही सीओ और बीडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश भी दिया गया है।

मंत्री ने कहा कि चान्हो क्षेत्र से लगातार शिकायत मिल रही थी कि प्रखंड कार्यालय में अधिकारी समय पर नहीं पहुंचते और कार्यालय में अधिकांश समय ताला बंद रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने आज बिना पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण किया।

जनता आती है समस्या लेकर

उन्होंने कहा कि प्रखंड सह अंचल कार्यालय सरकारी व्यवस्था का केंद्र है। यहां जनता अपनी समस्याओं का समाधान करने के लिए आती है। अगर अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाते हैं तो ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मांडर विधानसभा क्षेत्र में ऐसे अधिकारियों की जरूरत नहीं जो अनुशासन में काम नहीं कर सकते। मंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि चान्हो प्रखंड कार्यालय की कार्यप्रणाली में सुधार लाया जाए और जनता को निर्बाध सेवा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अन्य प्रखंडों में भी इस तरह का औचक निरीक्षण किया जाएगा।



Related Articles