
RANCHI: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने राज्य में ‘मतदाता बचाओ-लोकतंत्र बचाओ’ अभियान शुरू करने की घोषणा की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने मंगलवार को कहा कि चुनाव आयोग द्वारा झारखंड में शुरू की जा रही एसआईआर (SIR) प्रक्रिया सामान्य मतदाता पुनरीक्षण नहीं, बल्कि केंद्र सरकार के इशारे पर चलाया जा रहा एक राजनीतिक अभियान है। जिसका उद्देश्य मतदाताओं की पहचान चोरी कर उन्हें मतदान से वंचित करना है। मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी, ज्योति सिंह मथारू, सुलतान अहमद और अन्य नेता उपस्थित रहे।
वोटरों की फोटो और निजी जानकारी चोरी
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूरे देश में राहुल गांधी ने यह मुद्दा उठाया है कि चुनाव आयोग के सर्वर से वोटरों की फोटो और निजी जानकारी चोरी की जा रही है। जिसके माध्यम से फर्जी वोटर आईडी बनाए जा रहे हैं। अब यही साजिश झारखंड में भी दोहराई जा रही है। असली मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं और फर्जी नाम जोड़े जा रहे हैं। जिससे चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
चुनाव आयोग बना केंद्र सरकार का औजार
केशव महतो कमलेश ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अब केंद्र सरकार का औजार बनता जा रहा है, जबकि उसका दायित्व लोकतंत्र की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूछती है क्या चुनाव आयोग अब लोकतंत्र की सुरक्षा करेगा या केंद्र सरकार का डेटा एजेंसी बन गया है। अब प्रदेश कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि राज्य के सभी जिलों में एसआईआर प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी। बूथ स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाता सूची की जांच करेंगे और किसी भी फर्जीवाड़े को उजागर करेंगे। अगर किसी मतदाता को वोट से वंचित करने की कोशिश की गई, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने घाटशिला उपचुनाव को लेकर कहा कि महागठबंधन एकजुट है और भारी मतों से जीत दर्ज करेगा। विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि महागठबंधन की एकता अटूट है और सभी दल मिलकर सांप्रदायिक ताकतों को पराजित करेंगे। प्रेसवार्ता के अंत में प्रयास शीर्षक पुस्तिका का विमोचन किया गया, जिसमें झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग की दो वर्षों की उपलब्धियों का संकलन किया गया है।

