
RANCHI: राजधानी रांची में शनिवार को डीटीओ ने सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान चलाया। उन्होंने रफ्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ का संदेश दिया। रांची में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम के विशेष अभियान का नेतृत्व डीटीओ अखिलेश कुमार ने किया। जिसमें ट्रैफिक डीएसपी प्रमोद कुमार समेत एमवीआई और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की टीम मौजूद रही। अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन और रैश ड्राइविंग पर विशेष फोकस रखा गया।
स्कूटी चलाते मिले नाबालिग
अभियान के दौरान कई नाबालिग छात्र स्कूटी चलाते हुए पकड़े गए। नियमों के उल्लंघन में शामिल वाहनों को जब्त किया गया और अभिभावकों को बुलाकर मामले की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को बाइक या स्कूटी चलाने के लिए वाहन न सौंपें। डीटीओ ने कहा कि तेज रफ्तार सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह है, इसलिए वाहनों में स्पीड कंट्रोल डिवाइस लगाने की जिम्मेदारी पेरेंट्स को भी निभानी चाहिए।
ऑन स्पॉट काटा गया चालान
अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस, बिना नंबर प्लेट और ओवरस्पीडिंग जैसी गतिविधियों में शामिल चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ऑन-द-स्पॉट चालान भी काटे गए। अभियान झारखंड सरकार के ओवरस्पीडिंग अवेयरनेस वीक के तहत 3 नवंबर से 9 नवंबर तक चलाया जा रहा है। इस दौरान शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर चेकिंग अभियान और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

